अमर उजाला ब्यूरो
गोहाना (सोनीपत)।
नागरिक अस्पतालों में बेहतर सुविधाएं देने के सरकार के दावे खोखले साबित हो रहे हैं। हॉट लाइन से जुड़े गोहाना के नागरिक अस्पताल में शनिवार आधी रात बाद बत्ती गुल हो गई। इससे मरीजों की हालत खराब हो गई। रातभर बत्ती गुल रहने का जवाब अधिकारियों तक के पास नहीं है।
गोहाना के नागरिक अस्पताल की बिजली को हॉट लाइन से जोड़ा गया है। वहीं, लाखों रुपये खर्च करके अस्पताल में जेनरेटर की भी व्यवस्था की गई है। अस्पताल में शनिवार रात को ये सुविधाएं धरी की धरी रह गईं। वहां आधी रात बात बत्ती गुल हो गई। कई घंटे बाद भी बिजली नहीं आई, तो मरीजों व प्रसूता महिलाओं की हालत खराब होने लगी। क्योंकि जिस लाखों रुपये के जनरेटर को वहां रखा गया था, वह भी काफी समय से खराब है। इस कारण मरीजों के साथ आये तीमारदारों को हाथ के पंखे से हवा करनी पड़ी। वहीं, नवजात को गर्मी से बचाने के लिए लोग खुली हवा में बाहर लेकर आ गए। इस तरह अस्पताल प्रशासन की ओर से बिजली जाने पर भी कोई व्यवस्था नहीं की गई। मरीज सोनू, नीता, रामरती व राजेश का कहना है कि यह केवल नाम का अस्पताल है, सुविधाओं के नाम पर टोटा है। सुविधाओं के नाम पर कोई व्यवस्था नहीं की जा रही है। इससे अस्पताल में दाखिल लोग ठीक होने की बजाए बीमार पड़ रहे हैं। रात भर बिजली न होने से मच्छर काटते रहते हैं।
स्टाफ नर्स के लिए है इनवर्टर, जच्चा के लिए कुछ नहीं
महिलाओं ने आरोप लगाया कि स्टाफ नर्स आराम से पंखे की हवा खा रही हैं। उनके लिए विभाग की ओर से इनवर्टर की व्यवस्था की गई है। जच्चा-बच्चा वार्ड के लिए बिजली का कोई प्रबंध नहीं किया गया है। उनको पूरी रात अंधेरे में बिना पंखे के गुजारनी पड़ी। नवजात बच्चे रातभर बिलखते रहे। रात के समय उन्हें बाहर घुमाना पड़ा या फिर हाथ के पंखे से हवा करके काम चलाना पड़ा।
तकनीकी खराबी के कारण गुल रही बिजली
अस्पताल को हॉट लाइन से जोड़ा गया है। किसी तकनीकी खराबी के कारण अस्पताल की बिजली गुल हो गई थी। कुछ देर बाद ही ठीक करा दिया गया था। अस्पताल में बड़ा जेनरेटर तो है, लेकिन काफी समय से खराब है। इसे ठीक कराने के लिए विभाग को लिखा गया है। जल्दी ही जेनरेटर ठीक हो जाएगा। -डॉ. कर्मवीर, एसएमओ, नागरिक अस्पताल
अस्पताल की बत्ती गुल, गर्मी में बिलखते रहे बच्चे
गोहाना के नागरिक अस्पताल में हॉट लाइन होने के बावजूद आधी रात बाद बत्ती गुल
लाखों रुपये का जनरेटर कई दिनों से खराब, स्टाफ नर्सों ने इनवर्टर से पंखा चलाया
मरीज गर्मी में हुए परेशान, नवजात को बाहर लेकर घूमना पड़ा, इंफेक्शन का खतरा