अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत।
विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी देने के लिए पुलिस विभाग व रोड सेफ्टी आर्गेनाइजेशन की तरफ से जिले के सरकारी व निजी स्कूलों में बुधवार को सड़क सुरक्षा की जानकारी को लेकर परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा में दो लाख से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। एएसपी डीके भारद्वाज ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों के बारे में जानकारी दी।
एएसपी डीके भारद्वाज ने कहा कि सभी को यातायात नियमों की पालना करनी चाहिए। जीवन के प्रत्येक स्तर पर नियमों की पालना का महत्व है। इसके लिए विद्यार्थी भी अहम भूमिका निभा सकती हैं। वह अपने परिजनों के साथ आसपास के लोगों को भी जागरूक करके इसे सफल बना सकते हैं। यह प्रतियोगिता सड़क सुरक्षा संगठन की ओर से तीन स्तर पर आयोजित की गई। इसमें कक्षा तीसरी से 12वीं तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस मौके पर डीएसपी गन्नौर आर्यन चौधरी, जिला शिक्षा अधिकारी सुमन नैन, थाना सिविल लाइन प्रभारी अनिरुद्ध, थाना यातायात मुरथल प्रभारी धीरेंद्र, प्राचार्या संतोष राठी, सड़क सुरक्षा संगठन प्रभारी संदीप बत्रा मौजूद रहे।