सोनीपत। डेरामुखी मामले के कारण पिछले चार दिन से बंद पड़ी रोडवेज सेवा बहाल होने से यात्रियों को राहत मिली। इस तरह पांच दिन बाद बस सेवा शुरू होने पर यात्रियों की काफी भीड़ रही। वहीं सोनीपत रेलवे स्टेशन पर आने वाली चार एक्सप्रेस ट्रेनें व दो पैसेंजर ट्रेनें रद रही।
रोडवेज मुख्यालय की ओर से मंगलवार दोपहर करीब एक बजे आए आदेश के बाद सभी रूटों पर बसों का परिचालन शुरू हो गया। मंगलवार सुबह से दोपहर तक दिल्ली व चंडीगढ़ रूट पर सोनीपत डिपो से बसों को चलाया गया। वहीं आदेश आने के बाद सोनीपत डिपो व गोहाना सब डिपो से सभी रूटों पर बसों को चला दिया गया। इस तरह सभी रूटों पर बसों का आवागमन शुरू होने पर सोनीपत, खरखौदा, गन्नौर व गोहाना बस अड्डे पर यात्रियों की भीड़ रही तो यात्रियों को राहत मिल गई।
छह ट्रेनें रही रद
पंजाब की तरफ आने जाने वाली चार एक्सप्रेस ट्रेनें मंगलवार को भी रद रही। इनमें दिल्ली की तरफ आने वाली झेलम एक्सप्रेस, बरौनी एक्सप्रेस व बठिंडा एक्सप्रेस रद रही। वहीं अंबाला की तरफ जाने वाली बठिंडा एक्सप्रेस रद रही। सोनीपत से जींद चलने वाली दो पैसेंजर ट्रेनें बंद रही। वहीं रोहतक-पानीपत रेलमार्ग पर पूरे दिन में एक ही मालगाड़ी चली।