फोटो 09- नालियों में गोबर बहाने पर डेयरी संचालक के खिलाफ कार्रवाई करती नगर परिषद टीम। संवाद
गोहाना। नगर परिषद की ओर से वीरवार को पॉलिथीन और सिंगल यूज प्लास्टिक रखने वाले दुकानदारों व पशु डेयरियों के गोबर को नालियों में बहाने वालों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान तीन दुकानदारों के पास पॉलिथीन और सिंगल यूज प्लास्टिक मिला। इन दुकानदारों पर 500-500 रुपये का जुर्माना किया है। वहीं नालियों में गोबर बहाने वाले तीन डेयरी संचालकों पर 10-10 हजार रुपये जुर्माना किया है।
राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने प्रदूषण को कम करने के लिए पॉलिथीन और सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगाया हुआ है। इसके चलते नगर परिषद ने शहर के विभिन्न हिस्सों पर सिंगल यूज प्लास्टिक रखने वाले दुकानदारों के खिलाफ अभियान चलाया है। वाल्मीकि चौक के पास तीन दुकानदार सिंगल यूज प्लास्टिक रखते हुए मिले। नगर परिषद की टीम ने शहर में बनी पशु डेयरियों के खिलाफ भी कार्रवाई की है। टीम ने मुगलपुरा में दो डेयरी संचालकों व एक शिव नगर के डेयरी संचालक पर जुर्माना किया है। साथ ही दोबारा से ऐसा करने पर सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी है। अधिकारियों के अनुसार नप ने नालियों में गोबर बहाने पर 82 डेयरी संचालकों को पहले नोटिस दिया था। अब टीम की तरफ से जुर्माना लगाना शुरू कर दिया है।
वर्जन
एनजीटी ने पॉलिथीन और सिंगल यूज प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगाया हुआ है। इस संबंध में दुकानदारों को समय-समय पर जागरूक भी किया जा रहा है। नियमों की अनदेखी करने वाले तीन दुकानदारों पर जुर्माना किया है। वहीं, नालियों में गोबर बहाने वाले तीन डेयरी संचालकों पर भी जुर्माना किया गया है।
दुर्गा देवी, सफाई निरीक्षक, नगर परिषद।