सोनीपत। गांव नाहरी के पास तरणताल में डूबने से 11 साल के बच्चे की मौत हो गई। मामले में लापरवाही से मौत होने की बात कही जा रही है मगर कुंडली थाना पुलिस ने कहा कि परिजनों ने इत्फाकिया मौत की जानकारी दी है। उसके आधार पर कार्रवाई की गई है।
मूलरूप से उत्तर प्रदेश के जिला इटावा हाल प्याऊ मनियारी निवासी चांद ने बताया कि वह सब्जी बेचते हैं। उनका बेटा अरमान (11) ट्यूशन पढ़ने के साथ साइकिल मिस्त्री के पास काम सीख रहा था।
अरमान 5 सितंबर को अपने दोस्तों के साथ नाहरी गांव के पास तरणताल में नहाने के लिए गया था। नहाते समय उसमें डूबने से उसकी मौत हो गई। शव का छह सितंबर को सोनीपत नागरिक अस्पताल से पोस्टमार्टम करवाया गया। कुंडली थाना पुलिस ने पिता के बयान पर कार्रवाई की है।
पिता चांद ने बताया कि हादसे का एक वीडियो मिला है जिसमें उनका बेटा तरणताल में डूबता हुआ दिखाई दे रहा है। सीसीटीवी फुटेज में यह भी दिखाई दे रहा है कि लोग अरमान को बचाने की कोशिश कर रहे हैं। उसे सीपीआर भी दिए हैं।
घर से नहा कर गया था बेटा : शाहीन
मां शाहीन ने बताया कि घटना के दिन बेटा घर से नहा-धोकर गया था। बाद में उसका शव तरणताल में मिला है। घटना के दिन बेटा साइकिल मिस्त्री की दुकान पर गया था मगर उसे छुट्टी दे दी गई थी। घर आने के बाद वह किसके साथ तरणताल पर गया उन्हें इसकी जानकारी नहीं है। अरमान छह भाई-बहनों में पांचवें नंबर का था।
तरणताल पर नहीं था ट्रेनर और सुरक्षा का प्रबंध
अस्पताल पहुंचे एक युवक ने आरोप लगाया कि तरणताल में कोई ट्रेनर नहीं था। साथ ही सुरक्षा का कोई ठोस प्रबंध नहीं था। हालांकि, उसने कैमरे के सामने बोलने से मना कर दिया।
नाहरी के पास तरणताल में डूबने से बच्चे की मौत हो गई थी। परिजनों के बयान पर कार्रवाई की गई है।-इंस्पेक्टर सेठी मलिक, थाना प्रभारी, कुंडली।