पानीपत-गोहाना बाईपास पर न्यात मोड़ के पास कार की टक्कर से बाइक पर बैठी महिला की गोद से उसका 11 माह का बच्चा गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। हादसे में महिला और बाइक चला रहा उसका भतीजा भी घायल हो गए। पुलिस ने रोहतक पीजीआई से बच्चे के शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
गांव न्यात निवासी ममता सिंह ने सिटी थाना गोहाना पुलिस को बताया कि वह 10 अगस्त को 11 माह के बेटे मानिक को दवा दिलाने के लिए भतीजे मोहित के साथ बाइक पर जा रही थी। जब वह न्यात मोड़ से पानीपत-गोहाना हाईवे पर चढ़ने लगे तो इसी दौरान एक कार चालक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। कार की टक्कर से मानिक उसकी गोद से छिटककर गिर गया, जिससे उसके सिर में चोट आई। परिजनों ने मानिक को रोहतक पीजीआई में भर्ती कराया, जहां पर रविवार को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना के बाद पहुंची सिटी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने महिला के बयान पर कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।