सोनीपत। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं में गोहाना में लगातार दूसरे दिन भी नकल के मामले सामने आने पर परीक्षा रद्द कर दी गई। जिले में नकल के 11 मामले सामने आए। बोर्ड की संयुक्त सचिव फ्लाइंग ने बुधवार को गोहाना के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करते हुए नकल के 10 मामले पकड़े। वहीं गोहाना के महमूदपुर में बनाए गए परीक्षा केंद्र में विद्यार्थियों को आईटी व आईटीईएस विषय के पेपर में सामूहिक नकल करते पकड़ा। जिस पर फ्लाइंग टीम ने इस परीक्षा केंद्र की परीक्षा रद्द कर दी। फ्लाइंग टीम ने परीक्षा केंद्र पर कार्यरत पर्यवेक्षक राजकुमार मेमोरियल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के जेबीटी अध्यापक दीपक कुमार को ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर कार्यभार मुक्त कर दिया।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की बुधवार को 12वीं कक्षा की वैकल्पिक विषयों की परीक्षा में उड़नदस्ता टीमों ने नकल के 11 मामले दर्ज किए। इसमें 10 मामले गोहाना क्षेत्र में तो एक खरखौदा में बनाए गए परीक्षा केंद्र पर पकड़ा। शिक्षा बोर्ड ने इस बार परीक्षाओं को नकल रहित संचालित करवाने के लिए नई तकनीक का इस्तेमाल किया है। उसके बावजूद नकल के मामले नहीं रुक रहे। दो दिनों में ही तीन परीक्षा केंद्रों पर पेपर रद्द किया जा चुका है। इनमें दो परीक्षा केंद्र गोहाना में है। मंगलवार को 10वीं कक्षा के हिंदी विषय का पेपर गोहाना के जागसी व मुरथल के ताजपुर से लीक होने के बाद बोर्ड ने यहां निगरानी बढ़ा दी थी। नकल पर अंकुश लगाने के लिए प्रश्न पत्रों पर क्यू-आर कोड लगाए हैं। इस नई तकनीक का काफी फायदा मिला है। पहले दिन जहां दो परीक्षा केंद्रों से पेपर लीक होने का तुरंत पता चल गया था, वहीं दूसरे दिन पेपर लीक का कोई मामला सामने नहीं आया।
बाहरी हस्तक्षेप रोकने के लिए उठाए जाएंगे कदम
बोर्ड परीक्षा को लेकर जिले में बनाए गए 85 परीक्षा केंद्रों पर दो दिनों में नकल के 16 मामले पकड़े गए हैं। इनमें अकेले गोहाना में नकल के 11 केस दर्ज किए गए हैं। जिसको लेकर शिक्षा बोर्ड ने भी निगरानी बढ़ा दी है। परीक्षा केंद्रों पर बाहरी हस्तक्षेप रोकने के लिए संवेदनशील व अति संवेदनशील परीक्षा केंद्रों पर पुलिस कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई जा सकती है। इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों के बाहर गश्त बढ़ाने पर भी विचार किया गया है। जिला शिक्षा अधिकारी नवीन गुलिया ने बताया कि सभी केंद्र अधीक्षकों को नकल रहित परीक्षा संचालित करवाने के निर्देश दिए गए हैं।
दो दिन में सात कर्मियों के खिलाफ की कार्रवाई
बोर्ड परीक्षा में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए बोर्ड अधिकारियों ने दो दिन में ताजपुर, जागसी व महमूदपुर गांव के परीक्षा केंद्रों पर ड्यूटी दे रहे कुल सात कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की है। जहां पेपर लीक होने के मामले में जागसी और ताजपुर के कुल छह कर्मचारियों को कार्यभार मुक्त करते हुए उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई गई है। वहीं बुधवार को सामूहिक नकल के मामले में महमूदपुर के पर्यवेक्षक को कार्यभार से मुक्त किया गया है।
बोर्ड परीक्षाओं को नकल रहित संचालित करवाने के लिए बेहतर प्रयास किए जा रहे हैं। बुधवार को 12वीं कक्षा के पेपर में नकल के 11 मामले सामने आए हैं। इनमें 10 मामले गोहाना तो एक विद्यार्थी खरखौदा में नकल करते पकड़ा गया है। सभी के यूएमसी बनाए गए हैं। परीक्षा में नकल करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- महेश कुमार, बोर्ड अधीक्षक, सोनीपत