जिले के 11,927 किसानों के लिए राहत भरी खबर है। उनको 16.60 करोड़ रुपये मुआवजा मिला है। खरीफ की जिन फसलों में नुकसान हुआ था, उनका बीमा कंपनी ने मुआवजा दिया है। गोहाना के किसानों को सबसे ज्यादा 7.75 करोड़ तो राई के किसानों को सबसे कम 12 लाख रुपये मुआवजा मिला है। जिले में 56 हजार एकड़ जमीन की फसल का बीमा हुआ था, जिसमें 16,300 हेक्टेयर में नुकसान मिला। बीमा अधिकारियों के अनुसार इस सप्ताह किसानों के खातों में सारा पैसा पहुंच जाएगा।
44,127 किसानों की फसलों का किया था बीमा
जिले में एक लाख 21 हजार 213 किसान ऐसे हैं, जिनकी परिवार की जीविका खेती पर आधारित है। सरकार की ओर से जिले में 44,127 किसानों की फसलों को बीमा किया गया था क्योंकि इन किसानों ने सरकार से कृषि कार्ड के अंतर्गत लोन लिया हुआ है और बीमा योजना के तहत इन किसानों के खाते से पैसे काटे गए थे। वहीं, ऐसे केवल 10 किसान थे, जिन्होंने अपनी मर्जी से बीमा कराया था। कंपनी की ओर से यह बीमा खरीफ की फसलों का किया गया था, जिनमें धान, ज्वार, कॉटन व बाजरे की फसल शामिल हैं। पिछले खरीफ के सीजन में बारिश व ओलावृष्टि के कारण फसलों में काफी नुकसान हुआ था। चार फसलों में सबसे ज्यादा नुकसान धान की फसल में मिला है।
ब्लॉक अनुसार इतना मिली राशि
जिले के सभी सात ब्लॉकों में कंपनी की ओर से अलग-अलग बीमा राशि जारी की गई है। गोहाना को 7.75 करोड़, कथूरा को 3.50 करोड़, मुंडलाना को 2.90 करोड़, गन्नौर को 63 लाख, खरखौदा को 75 लाख, सोनीपत को 95 लाख व राई को 12 लाख रुपये मुआवजा मिला है।
यह है फसल बीमा योजना
केंद्र सरकार ने जनवरी 2016 में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना को लागू किया था। इसमें किसान अपनी फसल का बीमा कराता है और उसमें किसी तरह की प्राकृतिक आपदा से नुकसान होता है तो उसका मुआवजा कंपनी की ओर से दिया जाएगा। वहीं, जिन किसानों ने बैंक से लोन लिया हुआ है या क्रेडिट कार्ड बनवाया हुआ है, उनकी फसलों का बीमा खुद ही कर दिया गया। हालांकि अब उनको खुद बीमा किए जाने पर फायदा मिल रहा है, क्योंकि उनकी फसल खराब हो गई थी और कंपनी उनको मुआवजा दे रही है।
खरीफ के सीजन की मुआवजा राशि बीमा कंपनी की ओर से जारी की गई है। कंपनी के अधिकारियों के अनुसार यह पैसा किसानों के खातों में पहुंच जाएगा। विभाग की ओर से अब रबी सीजन का क्रोप कंटिंग का कार्य किया जा रहा है। इसके लिए उच्चाधिकारियों ने गांव में पहुंचकर कार्य का निरीक्षण किया है। जल्द ही यह कार्य पूरा हो जाएगा।
-देवेंद्र लांबा, एएसओ कृषि विभाग
कंपनी की ओर से जिले के 11,927 किसानों को 16.60 करोड़ रुपये मुआवजा दिया गया है। इस सप्ताह सभी के खातों में यह राशि पहुंच जाएगी। इसके अलावा रबी की फसलों के क्रोप सीजन के बाद भी किसानों का मुआवजा कंपनी की ओर से जारी कर दिया जाएगा। योजना लागू होने के बाद कम किसानों ने बीमा कराया था, जबकि अब इसका फायदा किसानों को दिख रहा है।
-आशीष अग्रवाल, बजाज एलियांज जनरल इंश्योरेंस कंपनी, अधिकारी