पत्नी व दो बेटों की दाव से गर्दन काटकर हत्या, फिर पति ने खुद फंदे पर लटककर दी जान
अमर उजाला ब्यूरो
सोनीपत। शहर के पॉश इलाके सेक्टर-15 में एक व्यक्ति ने अपनी शिक्षिका पत्नी व दो बेटों की दाव (तेजधार हथियार) से गर्दन काटकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस वारदात को अंजाम देने के बाद व्यक्ति ने कमरे में ही छत के पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना को अंजाम देने से पहले व्यक्ति ने तीन पेज का सुसाइड नोट भी लिखा, जिसमें अपनी पत्नी के भाजपा समर्थित सोनीपत ब्लॉक समिति की चेयरमैन के पति से अवैध संबंध होने की बात लिखी है। इस कारण ही घटना को अंजाम देने की बात कही गई है। इस सुसाइड नोट को पुलिस ने एफआईआर में शामिल किया है, जिसके आधार पर चेयरमैन के पति का नाम भी उसमें आया है। वहीं परिजनों के बयान पर मृतक व्यक्ति पर हत्या व ससुराल वालों पर आत्महत्या के लिए विवश करने का मामला दर्ज कर लिया है।
मूलरूप से गांव भदाना का रहने वाला सतीश दहिया (40) फिलहाल अपनी पत्नी (36), बेटे लक्ष्य (14) व आर्यन (11) के साथ सेक्टर-15 की कोठी नंबर 3365 में पहली मंजिल पर किराए पर रहता था। वह खेतीबाड़ी के साथ ही भट्ठे से ईंट सप्लायर का भी काम करता था। महिला राजकीय स्कूल में पीटीआई के पद पर थी। दोनों बच्चे सेक्टर-15 के डीएवी स्कूल में पांचवीं व आठवीं कक्षा के छात्र थे। शनिवार सुबह जब सतीश के परिवार का कोई सदस्य उठकर नीचे नहीं आया तो मकान मालिक की पत्नी ने ऊपर जाकर देखा। लेकिन दरवाजा अंदर से बंद होने के चलते वह आवाज देकर नीचे आ गई। उसने फोन पर संपर्क किया, लेकिन किसी ने फोन भी रिसीव नहीं किया। इस पर उसने पास के मकान में रह रही सतीश की बहन को बताया कि सतीश के घर कोई फोन नहीं उठा रहा है और दरवाजा अंदर से बंद है। शक होने पर पुलिस को अवगत कराया गया। सतीश के भाई प्रवीन के साथ पहुंची थाना सिविल लाइन पुलिस पीछे के दरवाजे की कुंडी तोड़कर अंदर घुसी। जहां का नजारा देखकर हर किसी के होश उड़ गए। वहां पर सतीश पंखे पर फंदा लगाकर लटका हुआ था तो उसकी पत्नी, लक्ष्य व आर्यन के शव बेड पर खून से लथपथ पड़े थे। पुलिस ने बताया कि सतीश ने पत्नी व दोनों बेटों की तेजधार हथियार से गर्दन पर प्रहार करके हत्या की है और उसने बाद में आत्महत्या कर ली। पुलिस को मौके से सुसाइड नोट भी मिला है। प्रवीन ने बताया कि सतीश की पत्नी के भाजपा समर्थित ब्लाक समिति चेयरमैन के पति प्रदीप महला के साथ अवैध संबंध थे। इसका विरोध करने पर प्रदीप ने सतीश को जान से मारने की धमकी दी थी। वहीं सतीश ने अपनी पत्नी को समझाने के साथ ही उसकी मां निर्मला, भाई संदीप व कुलदीप को भी मामले से अवगत कराया। उन्होंने भी उल्टा उसको ही जान से मारने की धमकी दे दी। इससे तंग आकर सतीश ने पूरे परिवार की हत्या कर खुद आत्महत्या कर ली। प्रवीन की शिकायत पर थाना सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी प्रदीप, निर्मला, संदीप व कुलदीप के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।
वर्जन
परिवार के चार सदस्यों के शव कमरे में मिले है। शवों का पोस्टमार्टम करवा दिया है। हत्या व आत्महत्या के लिए विवश करने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने सुसाइड नोट बरामद किया है। जिसकी सत्यता जांचने के लिए उसे एफएसएल में भेजा जाएगा। वहीं पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।
-सतेंद्र गुप्ता, एसएसपी सोनीपत।