अमर उजाला ब्यूरो।
गोहाना। नगर परिषद ने लगातार दूसरे दिन बुधवार को शहर में अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया। नप सचिव के नेतृत्व में टीम ने पुरानी सब्जी मंडी और मुगलपुरा रोड पर दुकानों के आगे बनाए गए पक्के थड़े तुड़वाए। इसके साथ ही चेतावनी दी कि भविष्य में दोबारा नाली पर स्लैब बनाए गए तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान का कुछ दुकानदारों ने विरोध भी किया और नप कर्मियों के साथ उनकी नोकझोंक तक हुई।
नगर परिषद कर्मी बुधवार शाम के समय पुरानी सब्जी मंडी क्षेत्र में पहुंचे और दुकानों के आगे नाली पर किया गया अवैध निर्माण तोड़ना शुरू कर दिया। इस अभियान का कई दुकानदारों ने विरोध किया और नोटिस के बिना इस तरह की कार्रवाई करने का आरोप लगाया। नप सचिव रामकरण भारद्वाज ने कहा कि पुरानी सब्जी मंडी क्षेत्र के दुकानदारों को कई बार चेतावनी दी गई थी। इसके बावजूद दुकानदार अपनी दुकानों के आगे अवैध निर्माण कर सड़क पर कब्जा करके बैठ जाते हैं। इससे जाम की स्थिति बनी रहती है। शहर को साफ-सुथरा रखने के लिए समय-समय पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जाएगा।