सोनीपत। नगर निगम ने गृहकर जमा नहीं करने वाले प्रॉपर्टी मालिकों पर शिकंजा कसने की तैयारी कर ली है। कई वर्षों से बकाया गृहकर दबाए बैठे प्रॉपर्टी मालिकों के लिए 100 नोटिस तैयार किए गए हैं। दो लाख रुपये से ज्यादा राशि जमा नहीं करने वाले टॉप 100 डिफाल्टरों को चिह्नित किया गया है। नोटिस के बाद भी डिफाल्टरों से बकाया गृहकर जमा नहीं किया तो प्रॉपर्टी सील करने की कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम कार्यालय में अब तक गृहकर के रूप में करीब 11 करोड़ रुपये जमा हुए हैं जबकि चालू वित्त वर्ष में 40 करोड़ रुपये वसूलने का लक्ष्य है। इस वर्ष के साढ़े तीन माह और बचे हुए हैं। इन दिनों में 29 करोड़ रुपये गृहकर वसूला जाना है। ऐसे में नगर निगम ने लंबे समय से कई बार चेताने के बावजूद बकाया गृहकर न चुकाने वाले सभी बकायादारों पर सख्त कार्रवाई के लिए नोटिस तैयार किए हैं।
निगम की मुहिम के शुरुआती चरण में सबसे पहले बकायेदारों पर शिकंजा कसने की पुख्ता तैयारी की गई है। इसके बाद अलग-अलग श्रेणियों के अन्य डिफाल्टरों को कार्रवाई के दायरे में लिया जाएगा। निगम प्रशासन को यह कड़ा रुख लंबे इंतजार के बाद अपनाना पड़ रहा है।
बकाया गृहकर अदा करने वालों के लिए शहरी स्थानीय निकाय प्रशासन की ओर से कई रियायतें भी दी गई। उसके बावजूद कर चुकाने के प्रति बकायादारों की तरफ से रिस्पांस नहीं मिल सका। आखिरकार नगर निगम प्रशासन ने बकायादारों के रुझान को भांपते हुए कड़ी कार्रवाई के रूप में नोटिस जारी करने की तैयारी कर ली है।
शुरुआत में 2 लाख और इससे ज्यादा राशि के टॉप डिफाल्टर हैं। उनके लिए नोटिस तैयार कराए गए हैं। जल्द ही इन नोटिसों का वितरण किया जाएगा। गृहकर चुकाने के लिए बकायेदारों ने कोई कदम नहीं उठाया तो उनके खिलाफ सीलिंग की सख्त कार्रवाई को अंजाम दिया जाएगा।
निगम प्रशासन का मानना है कि बड़े बकायादारों ने ही उसका हिसाब-किताब बुरी तरह बिगाड़कर रख दिया है। पिछले वित्त वर्ष में भी 40 करोड़ रुपये गृहकर वसूलने का लक्ष्य रखा गया था लेकिन निगम महज 9.31 करोड रुपये ही वसूल पाया था। ऐसे में इस बार निगम प्रशासन की ओर से लक्ष्य तक पहुंचने के लिए कार्रवाई तेज कर दी गई है।
-
निगम चुनाव लड़ने के इच्छुक लोगों को भी गृहकर जमा कराना जरूरी
अगले साल नगर निगम चुनाव भी होने हैं। वर्तमान पार्षदों व मेयर का कार्यकाल जनवरी के प्रथम सप्ताह में खत्म होने जा रहा है। कुछ लोगों ने आगामी निगम चुनाव लड़ने के लिए अपनी तैयारी शुरू कर दी है। ऐसे में उन लोगों को बकाया गृहकर जमा करना होगा। चुनाव के समय भावी उम्मीदवारों को नामांकन करते समय बकाया गृहकर का अनापत्ति प्रमाणपत्र देना होगा।
वर्जन
दो लाख या इससे ज्यादा गृहकर अगर बकाया है तो उन्हें नगर निगम कार्यालय में जमा कराने के लिए कहा जा रहा है। साथ ही बकाया गृहकर जमा न करने वाले 100 डिफाल्टरों को चिह्नित कर लिया गया है। उनके लिए नोटिस तैयार कराए गए है। जल्द ही इनका वितरण कर दिया जाएगा। उसके बाद भी गृहकर जमा न कराने पर उनकी प्रॉपर्टी सील की जाएगी। -राजेंद्र चुघ, क्षेत्रीय कर अधिकारी, नगर निगम।