सोनीपत। राई हलके की विधायक कृष्णा गहलावत ने कहा कि राई हलके की सड़कों के नवीनीकरण के लिए 7.45 करोड़ रुपये की राशि मंजूर की गई है। विभिन्न गांवों की प्रमुख सड़कों जल्द मरम्मत का कार्य शुरू करवाया जाएगा, ताकि लोगों को आवागमन में गड्ढों से निजात मिल सके। उन्होंने विधायक बनते ही मुख्यमंत्री से राई की सड़कों के नवीनीकरण की मांग रखी थी, जो स्वीकृत हो गई हैं।
विधायक कृष्णा गहलावत ने बताया कि मार्केटिंग बोर्ड की ओर से सड़कों का नवीनीकरण करवाया जाएगा। इनमें जाखौली से खेवड़ा, जाखौली झुंडपुर से पबसरा रोड व नाथूपुर से पीतमपुरा तक तीन सड़कों की मरम्मत पर करीब 1 करोड़ 73 लाख 59 हजार रुपये खर्च होंगे। किशोरा फिरनी से किशोरा स्कूल, कुमासपुर से नांदनौर, मेहंदीपुर से दीपालपुर वाया कुमासपुर सड़क की मरम्मत पर करीब 3 करोड़, 28 लाख, 28 हजार रुपये की मंजूरी मिली। भैंरा बांकीपुर बांध से दहिसरा, दहिसरा से पल्ला दिल्ली, बख्तावरपुर से यमुना नदी व सेरसा से जांटी कलां तक करीब 2 करोड़, 43 लाख, 12 हजार रुपये खर्च होंगे। विधायक ने कहा कि यदि कहीं नई सड़क की जरूरत होगी तो उसे भी बनवाया जाएगा।