रोहतक। सामान्य पात्रता परीक्षा के दृष्टिगत परीक्षा केंद्र अधीक्षकों को निर्देश दिए हैं। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की हिदायतों के अनुसार परीक्षा केंद्र अधीक्षक एवं इनविजिलेटर यह सुनिश्चित करेंगे कि उनके परीक्षा केंद्र से किसी भी स्थिति में प्रश्नपत्र आउट न हो पाए। एक परीक्षा केंद्र पर पुलिस बल के 10 जवान तैनात किए जाएंगे।
जिला विकास भवन स्थित डीआरडीए सभागार में जिला उपायुक्त धर्मेंद्र सिंह ने दिशा-निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्र अधीक्षक एवं इनविजिलेटर सामान्य पात्रता परीक्षा को स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग सिस्टम व एसओपी के अनुसार परीक्षा को संपन्न करवाएं।
एएसपी शशि शेखर ने कहा कि परीक्षा को लेकर पुलिस ने सभी आवश्यक प्रबंध कर लिए हैं। पुलिस ने परीक्षा केंद्र की सुरक्षा, परिवहन व्यवस्था, पार्किंग के अलावा प्रश्नपत्र व उत्तर पुस्तिका वितरित करने एवं नियंत्रण कक्ष में जमा करवाने के दौरान भी सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए है। उन्होंने कहा कि यदि एक भवन में दो परीक्षा केंद्र स्थापित हैं तो वहां पर पुलिस बल के 15 जवान तैनात होंगे।