सोनीपत। फरीदाबाद में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम को लेकर सोनीपत बस अड्डे से रोडवेज की 6 बसें भेजी गईं। दूसरी तरफ स्वतंत्रता दिवस पर होने वाले कार्यक्रम को लेकर रोडवेज की 10 बसें प्रशासनिक ड्यूटी पर अपनी सेवाएं दे रही हैं।
बस अड्डे पर 16 बसों की कमी से दिल्ली, पानीपत, गोहाना, रोहतक सहित कई रूटों पर यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्रियों को बस अड्डे पर लंबा इंतजार करना पड़ा।
मुख्यालय की ओर से फरीदाबाद में आयोजित सीएम कार्यक्रम में भेजने के लिए रोडवेज से 35 बसों की मांग की गई थी मगर अलसुबह से शुरू हुई बूंदाबांदी के चलते कम लोग ही रोडवेज बसों से कार्यक्रम स्थल की ओर गए।
अधिकतर लोग निजी वाहनों या पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ रवाना हुए। ऐसे में केवल 6 बसें ही कार्यक्रम में भेजी गईं। अन्य बसों को वापस बस अड्डे पर भेज दिया गया। वहीं, स्वतंत्रता दिवस को लेकर 10 बसों को रिजर्व पुलिस लाइन में खड़ा किया गया है। यह बसें 15 अगस्त को स्कूली बच्चों को कार्यक्रम स्थल तक लाने फिर वापस ले जाने में इस्तेमाल की जाएंगी।
-
बस अड़्डा मेंं बसों की स्थिति
कुल बसें -156
ई-बसें - 05
किलोमीटर योजना की बसें -37
एसी बसें - 19
रोडवेज की सरकारी बसें -95
सोनीपत बस अड्डे से मुख्यालय की मांग पर मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर 6 बसें भेजी गई हैं। कुछ बसों को स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम को लेकर रिजर्व रखा गया है। दिल्ली व पानीपत सहित कई रूटों पर यात्रियों की संख्या अधिक रहती है। ऐसे में इन रूटों पर बसों के फेरे बढ़ा दिए गए हैं। -संजय कुमार, महाप्रबंधक, सोनीपत रोडवेज।