सिरसा। कौशल भारत अभियान के अंतर्गत केंद्रीय पेट्रोकेमिकल अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (सीपेट), मुरथल सोनीपत की ओर से वर्ष 2025-26 के लिए एक विशेष आवासीय कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया जा रहा है। यह कार्यक्रम हरियाणा राज्य के अनुसूचित जाति वर्ग के 200 बेरोजगार युवक-युवतियों को ध्यान में रखते हुए संचालित किया जाएगा।
प्रशिक्षण पूर्ण रूप से निशुल्क होगा, जिसमें छात्रावास, किताबें, नोटबुक, स्टेशनरी, ड्रेस एवं जूते भी बिना किसी शुल्क के प्रदान किए जाएंगे। जिला कल्याण अधिकारी राकेश कुमार ने बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम छह माह (960 घंटे) की अवधि का होगा और एनएसक्यूएफ लेवल-4 के तहत संचालित किया जाएगा।
कुल चार प्रकार के कोर्स मशीन ऑपरेटर इंजेक्शन मोल्डिंग, मशीन ऑपरेटर प्लास्टिक प्रोसेसिंग, मशीन ऑपरेटर प्लास्टिक एक्सट्रूजन और मशीन ऑपरेटर ब्लो मोल्डिंग उपलब्ध हैं। इन कोर्सों में क्रमश: 80, 40, 40 और 40 सीटें निर्धारित की गई हैं। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रवेश के लिए उम्मीदवार का कम से कम 10 वीं पास होना अनिवार्य है और न्यूनतम आयु 18 वर्ष होनी चाहिए।
आवेदन करते समय उम्मीदवार को आवश्यक दस्तावेज जैसे मार्कशीट, अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो की छायाप्रति प्रस्तुत करनी होगी। इच्छुक उम्मीदवार अपने आवेदन निर्धारित दस्तावेज के साथ सीपेट - मुरथल सोनीपत में जमा कर सकते हैं।
आवेदन ईमेल आईडी murthalcipet.gov.in के माध्यम से भी भेजा जा सकता है। वे उम्मीदवार जिन्होंने पहले ही सीपेट से प्रशिक्षण प्राप्त किया है, वे इस बार आवेदन के लिए पात्र नहीं होंगे। चयन प्रक्रिया संस्थान के नियमों के अनुसार की जाएगी। अधिक जानकारी के लिए उम्मीदवार 76783-29863, 90663-56322 या 89304-01087 पर संपर्क कर सकता है।