संवाद न्यूज एजेंसी
रोड़ी। गांव झोरड़ रोही में कुलबीर सिंह हत्याकांड में फंसाने की धमकी से परेशान होकर एक 25 वर्षीय युवक लवजीत सिंह ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने लवजीत के 79 वर्षीय दादा बाबू सिंह की शिकायत पर सात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
बाबू सिंह ने पुलिस को बताया कि 21 अगस्त को गांव के कुलबीर सिंह उर्फ निक्का सिंह की मौत हुई थी। इस मामले में रोड़ी थाने में हत्या की प्राथमिकी दर्ज है। उनके बेटे अमरीक सिंह और पौत्र कुलदीप सिंह उर्फ मनी सहित कई लोगों के नाम गलत तरीके से लिखवाए गए थे।
इसके बाद कुलबीर सिंह के परिवार से जुड़े जसपाल सिंह, गगनदीप सिंह, संदीप सिंह, कौर सिंह, साहम्बर सिंह, काला सिंह और भगवंत सिंह उनके परिवार से रंजिश रखने लगे। आरोपियों ने बाबू सिंह और लवजीत सिंह को खेत में जाने व फसल में पानी लगाने से रोका। उन्होंने लवजीत को कुलबीर सिंह की मौत के मामले में फंसाकर जेल भेजने की धमकी भी दी।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि खेत पड़ोसी कौर सिंह और साहम्बर सिंह ने उन्हें खेत में काम नहीं करने दिया। उन्होंने ट्रैक्टर से फसल को नुकसान पहुंचाया। इससे परेशान लवजीत ने 18 सितंबर को दोपहर तीन बजे खेत में रखी कीटनाशक दवा पी ली। बठिंडा एम्स में मौत हो गई। जांच अधिकारी संगीता देवी ने मामले की जांच शुरू कर दी है।