कार्यक्रम में विद्यार्थियों को सम्मानित करते आईएएस जोगेंद्र सिहाग
ओढां। गांवों में सिविल व अन्य सर्विसेज की तैयारी कर रहे युवाओं से संवाद करवाने के लिए गांव बनवाला में बनवाला एजुकेशनल एंड सोशल वेलफेयर ट्रस्ट की ओर से संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आईएएस जोगेंद्र सिहाग ने शिरकत की। उन्होंने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि मजबूत इरादे एवं दृढ़ संकल्प के आगे कुछ भी असंभव नहीं है।
उन्होने कहा कि कई बार परीक्षा में विपरीत परिणाम आने के बाद विद्यार्थी मनोबल खो देते हैं, लेकिन विपरीत परिणामों से सबक लेकर नए उत्साह के साथ आगे बढ़े तो एक दिन सफलता अवश्य मिलती है। वहीं उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि शिक्षा वे के प्रति समर्पित भाव से सोशल मीडिया से दूरी बनाकर पढ़ाई करें।
इस दौरान उन्होंने अपने शिक्षा काल का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने इस स्थान तक पहुंचने के लिए दिन रात मेहनत की थी। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि सिविल सर्विसेज के क्षेत्र में अगर किसी को भी किसी तरह के मार्गदर्शन की जरूरत पड़ती है तो वह हमेशा उनके लिए तत्पर रहेंगे।
कार्यक्रम में जिला परिषद सिरसा के मुख्य कार्यकारी अधिकारी व जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक मुकेश कुमार ने भी शिरकत की। वहीं कार्यक्रम में आस पड़ोस के सरपंच चेयरमैन व अन्य गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में पिछले सत्र में सरकारी सेवा में चयनित 21 अभ्यर्थी व बोर्ड परीक्षाओं में मेरिट में स्थान प्राप्त करने वाले 44 विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सीईओ डॉ. सुभाष चंद्र ने भी विद्यार्थियों से बात की। वहीं डीएफएससी मुकेश कुमार ने भी अपने संबोधन में सिविल सविर्सेस व अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से संबंधी अपने अनुभव व पाठ्यक्रम को समझना, अध्ययन योजना बनाना और कमजोर क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करने के बारे में अपने विचार साझा किए।