फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शराब तस्करी में जमानत पर चल रहा युवक मिला कोरोना संक्रमित, संपर्क में आए 12 पुलिसकर्मी और 10 बंदी

विज्ञापन
कंटेनमेंट जोन में अवरोधक लगावाते एसडीएम। - फोटो : Sirsa
विज्ञापन
जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है। शराब तस्करी के आरोप में न्यायिक हिरासत के दौरान सिरसा जेल में रखा गया युवक सोमवार देर रात कोरोना संक्रमित मिला तो स्वास्थ्य विभाग और पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। जमानत पर चल रहे बणी गांव निवासी संक्रमित युवक अस्पताल में भर्ती कर उसकी ट्रेवेल हिस्ट्री खंगाली जा रही है। इस बीच उसके संपर्क में आए 12 पुलिसकर्मियों और सिरसा जेल के 10 बंदियों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। बता दें कि जिले में नौ कोरोना मरीज ठीक हो चुके हैं। स्वास्थ्य विभाग ने गांव बणी के गली नंबर 9, 10 और 11 को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया है, इन तीन गलियों में 19 घर हैं। वहीं आसपास के क्षेत्र को बफर जोन घोषित किया गया है।
विज्ञापन

जानकारी के मुताबिक जिले के गांव बणी का रहने वाले युवक को कुछ ही दिन पहले पुलिस ने एक्साइज एक्ट के तहत गिरफ्तार किया था, जहां उसका मेडिकल कर मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जिसके बाद उसे एक दिन की न्यायिक हिरासत के बाद घर पर भेज दिया था। सोमवार देर रात उसकी कोरोना की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। स्वास्थ्य विभाग ने इसकी सूचना पुलिस विभाग को दी और युवक के संपर्क में आए सभी पुलिसकर्मियों और जेल के बंदियों की सूची मांगी है। वहीं स्वास्थ्य विभाग ने एक टीम सिरसा जेल में भेजी है जो युवक के संपर्क में आए बंदियों की जांच करेगी। विभाग ने युवक के छह परिजनों को आइसोलेट कर दिया है और गांव के करीब 1753 घरों को कंटेनमेंट जोन में रखा गया है।
रविवार को भादरा बाजार की महिला की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद सिरसा कोरोना मुक्त हुआ था। सोमवार देर रात रानियां क्षेत्र में आने वाले गांव बणी के गली नंबर 10 का एक युवक कोरोना संक्रमित पाया गया है। युवक को बीती 21 मई को एक्साइज एक्ट के तहत पुलिस ने गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद युवक का मेडिकल करवाया गया, जिसमें युवक को कोरोना संदिग्ध पाया गया और उसका सैंपल जांच के लिए भेज दिया गया। इस बीच युवक को मेडिकल के बाद ऐलनाबाद में मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जहां उसे एक दिन की न्यायिक हिरासत के बाद बेल दे दी गई। 22 मई को उक्त युवक अपने घर पर चला गया। कोरोना संक्रमण की पुष्टी होते ही स्वास्थ्य टीमें सुबह ही गांव में पहुंच गई और युवक को सिविल अस्पताल में आइसोलेट कर इलाज शुरू कर दिया।
विज्ञापन

बंदियों और पुलिसकर्मियों के लिए सैंपल
स्वास्थ्य विभाग ने विभाग ने करीब 12 पुलिसकर्मियों और सिरसा जेल की बैरक में रहे 10 बंदियों की जानकारी जुटाई और उनके सैंपल लिए। इस दौरान युवक के जितने भी लोग संपर्क में आए थे, उन सभी लोगों के सैंपल जांच के लिए लैब में भेजे जाएंगे।
गांव में पांच टीमें 1753 घरों में करेगी सर्वे
जिले के गांव बणी में कोरोना संक्रमित युवक पाए जाने पर प्रशासन ने गांव को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया है। गांव में स्वास्थ्य विभाग और आशा वर्कर्स की टीमों ने भी सर्वे शुरू कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग ने पांच टीमों का गठन किया है। जो गांव में 1753 घरों के 10 हजार लोगों का सर्वे करेंगी। वहीं टीम यह भी देखेगी कि किसी को राशन की जरूरत तो नहीं है और वहीं कोई बीमार तो नहीं है।
बणी पंचायत घर के सामने चाय के ढाबे पर काम करता था संक्रमित
रानियां। ऐलनाबाद से एसडीएम दिलबाग सिंह, डीएसपी जगदीश काजला, तहसीलदार जितेंद्र कुमार, एसएमओ नरेश साहरण, रानियां थाना प्रभारी साधुराम सहित अनेक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर कर बणी के पंचकूला मोहल्ला के लोगों को घरों में क्वारंटीन कर दिया है। ऐलनाबाद के एसडीएम दिलबाग सिंह ने बताया कि बणी गांव का युवक जो राजस्थान की सीमा पर स्थित गांव सुरेवाला से अवैध शराब लेकर बणी इलाके में बेच रहा था, जिसके आधार पर रानियां पुलिस ने छापे मारकर शराब तस्करी के मामले में युवक को गिरफ्तार कर मामला दर्ज किया था। युवक बणी के पंचायत घर के सामने चाय बनाने का काम करता है। स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन यह जानकारी जुटाने में लगा हुआ है कि युवक ने किस किस को शराब बेची अथवा चाय पिलाई है।
राजस्थान के सूरेवाला के लोगों के संपर्क में आने से संक्रमित होने की आशंका
रानियां स्वास्थ्य केंद्र के एसएमओ डॉ. नरेश सहारण ने बताया कि रानियां हल्का क्षेत्र के अंतर्गत यह पहला केस है जो कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। इसके पीछे कारण यह बताया जा रहा है कि उक्त व्यक्ति पड़ोसी राज्य राजस्थान के सूरेवाला के लोगों के संपर्क में आया हुआ था। जहां पर कोरोना के काफी केस पॉजिटिव मिले हैं।
करीवाला चौकी के छह पुलिस कर्मियों और बणी में 15 लोग क्वारंटीन
रानियां थाना प्रभारी साधु राम ने बताया कि करीवाला चौकी इंचार्ज सहित 6 पुलिस कर्मचारियों को क्वारंटीन किया गया है। इसके अलावा पूरी पुलिस चौकी को सैनिटाइज करवाया जा रहा है। साधुराम थाना प्रभारी साधु राम ने बताया कि करीवाला चौकी में तैनात सभी पुलिस कर्मियों का मेडिकल चेकअप करवाया जा रहा है, जिनके संपर्क में पॉजिटिव युवक पिछले 5 दिन से संपर्क में रहा है। वहीं डॉ. नरेश सहारण ने बताया कि कोरोना संक्रमित मिले युवक के परिवार के 12 लोगों और दुकान पर काम करने वाले एक कर्मचारी को क्वारंटीन किया गया है और पूरे इलाका को बफर जोन घोषित करते हुए सभी लोगों के आवागमन पर रोक लगा दी है और उनके सैंपल लेकर जांच के लिए भिजवाए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग कर्मचारियों ने पूरे गांव को सैनिटाइज करने के लिए छिड़काव किया जा रहा है। इस कार्य में गांव के सरपंच राम सिंह सहारण पंचायत सहित सहयोग करने में जुट गए हैं।
चार दिन पूर्व गांव बणी निवासी व्यक्ति को पुलिस ने अवैध शराब के साथ काबू किया था। पुलिस द्वारा करवाए गए मेडिकल में कोरोना के लक्षण आरोपी में पाए गए थे। जांच में उक्त व्यक्ति में कोरोना की पुष्टि हो गई है। उसके परिजनों को भी आइसोलेट कर दिया गया है।
विज्ञापन

-डा. सुरेंद्र नैन, सीएमओ सिरसा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें