संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। महाराणा प्रताप चौक स्थित एक निजी होटल में गांव मोरीवाला के नाथ समुदाय के युवक संगीत की संदिग्ध परिस्थितियों में शनिवार देर रात को मौत हो गई। होटल स्टाफ ने पुलिस को सूचना दी कि संगीत ने होटल के कमरे में खुदकुशी कर ली है। वहीं परिजनों ने हत्या की आशंका जताई और रविवार सुबह खैरपुर चौक में धरने पर बैठ गए। किसान नेता भी सूचना मिलने पर मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने मृतक के भाई के बयान के आधार पर युवती, एक युवक और होटल के एक कारिंदे पर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रवीण ने बताया कि उसका भाई संगीत गांव मोरीवाला में रहता था और नाथ समुदाय से संबंध रखता था। वह मजदूरी कर अपना भरण पोषण करता था। शनिवार को संगीत के पास एक लड़की का फोन आया। इसके बाद संगीत उससे मिलने के लिए महाराणा प्रताप चौक स्थित एक निजी होटल में चला गया। वह घर से सरसों का साग बनाकर लड़की के लिए लेकर गया था। रात के करीब दो बजे के आस पास पुलिस का फोन आया और बताया कि संगीत ने खुदकुशी कर ली है। सूचना मिलने के बाद वे सभी होटल पहुंचे। पुलिस ने पहले ही शव को पंखे से उतारकर बेड पर रखा हुआ था और चुन्नी पंखे पर लटक रही थी। परिजनों ने आरोप लगाया कि संगीत की छाती पर चोट के निशान थे और कमरे का बैड पानी से भीगा हुआ था। इससे यही लग रहा था कि संगीत की हत्या की गई थी। परिजनों ने लड़की व उसके साथियों पर हत्या करने की शक जताया। पुलिस ने बयान के आधार पर युवती सहित तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक संगीत के परिजन व ग्रामीण रविवार सुबह नागरिक अस्पताल पहुंचे। यहां पर शवगृह में पोस्टमार्टम के लिए संगीत का शव रखा हुआ था। परिजनों ने आरोप लगाया कि एक युवक के साथ संगीत की रंजिश थी। उसी ने युवती के साथ मिलकर उसकी हत्या की है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज करने को लेकर आना कानी की तो सभी लोग खैरपुर चौकी पहुंच गए। यहां पर किसान नेता भूपेंद्र वेद वाला व अन्य लोग भी आ गए और सभी धरने पर बैठ गए। एक घंटे तक हंगामा होने के बाद सिविल लाइन थाना प्रभारी के आदेश पर पुलिस ने युवती, होटल के एक कर्मचारी और एक अन्य युवक के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया।
मृतक के भाई प्रवीण कुमार के बयानों के आधार पर होटल के कारिदे, युवती और गांव का एक लड़का पर हत्या का मामला दर्ज किया है। - कृष्ण कुमार, प्रभारी सिविल लाइन थाना