पत्नी के साथ सेवा करने आया था गुरदीप, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चलेगा मौत का कारण
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। गांव सिकंदरपुर स्थित डेरा में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक 38 वर्षीय गुरदीप गांव खैरेकां का रहने वाला था।
गुरदीप सिंह डेरा प्रेमी था। वह काफी समय से डेरा में सेवा करने आता था। शुक्रवार को वह पत्नी आशा के साथ डेरे में आया। शाम करीब तीन बजे वह पत्नी को घर छोड़कर वापस डेरे में आ गया। डेरा वालों ने उसकी सेवा पानी की टंकी साफ करने में लगा दी।
शाम पांच बजे डेरे से परिजनों के पास फोन आया कि तुरंत नागरिक अस्पताल आ जाओ। परिजन अस्पताल पहुंचे तो गुरदीप मृत हालत में मिला। पत्नी आशा का कहना है कि डेरे की तरफ से बताया गया है कि गुरदीप की पानी की टंकी में डूबने से मौत हुई है लेकिन उसे डेरा की बात पर विश्वास नहीं हो रहा। टंकी में केवल दो फीट पानी था। इतने पानी में गुरदीप कैसे डूब सकता है।
जांच अधिकारी एसआई लेखराज का कहना है कि पुलिस ने गुरदीप के परिजनों के बयान दर्ज कर इत्तेफाकिया मौत की कार्रवाई की है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का असल कारण पता चलेगा। रिपोर्ट आने पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। गुरदीप दो बच्चों का पिता था। वह एक निजी अस्पताल में नौकरी करता था। शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया।