-इकलौते बेटे की मौत से सदमे में परिवार, डॉक्टर बोले-रुक गई थी दिल की धड़कन
-पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगामी कार्रवाई करेगी पुलिस
फोटो 60, 61,62
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। शहर के एक निजी अस्पताल में सोमवार को एक युवक की पथरी के ऑपरेशन के दौरान मौत हो गई। इसके बाद मृतक के परिजनों ने डॉक्टर पर ऑपरेशन के दौरान लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए अस्पताल में हंगामा किया। शहर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया। मृतक 25 वर्षीय श्रवण कुमार गांव हजरावां खुर्द जिला फतेहाबाद का रहने वाला था। वह माता-पिता का इकलौता बेटा था।
जानकारी के अनुसार, श्रवण के गुर्दे में पथरी थी। इसकी वजह से काफी दर्द होता था। परिवार वाले उसे जांच के लिए निजी अस्पताल में ले आए। यहां डॉक्टर ने जांच के बाद ऑपरेशन की सलाह दी। सोमवार को श्रवण परिजनों के साथ अस्पताल पहुंचा। सभी जरूरी टेस्ट पूरे होने के बाद शाम करीब चार बजे उसे ऑपरेशन थिएटर में ले जाया गया।
परिजन बाहर इंतजार करते रहे, लेकिन साढ़े छह बजे तक कोई जानकारी नहीं मिली। शाम सात बजे परिजनों को अस्पताल प्रशासन ने बताया कि ऑपरेशन के दौरान श्रवण की मौत हो गई। श्रवण के पिता भाग सिंह का आरोप है कि डॉक्टर ने ऑपरेशन में लापरवाही बरती, जिससे उसके पुत्र की मौत हो गई। भाग सिंह ने कहा कि श्रवण मेरा इकलौता बेटा था। गुस्साए परिजनों ने काफी देर तक अस्पताल में हंगामा किया। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
इस संबंध में थाना प्रभारी थाना शहर सिरसा संदीप कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाया है। शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का जो कारण सामने आएगा, उसी अनुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।
ऐसा मामला पहली बार देखा : डॉक्टर
मीडिया से बातचीत करते हुए अस्पताल के डॉक्टर कपिल सिंगला ने बताया कि ऑपरेशन के दौरान युवक की दिल की धड़कन रुक गई थी। उसे तुरंत सीपीआर दिया गया, लेकिन धड़कन वापस नहीं आई। पथरी के ऑपरेशन में ऐसा होना, उन्होंने पहली बार देखा है।
छह माह पहले हुई थी शादी
श्रवण कुमार की शादी छह माह पहले हुई थी। उसकी मौत होने से मां-बाप, पत्नी व बहन गहरे सदमे में हैं। नम आंखों से पिता भाग सिंह ने बताया कि अगर डॉक्टर समय से उन्हें बता देता कि श्रवण की तबीयत ज्यादा बिगड़ चुकी है तो वह उसे उपचार के लिए बड़े से बड़े अस्पताल में ले जाते।