सड़क हादसे में क्षतिग्रस्त गाड़ी।
- फोटो : Sirsa
जींद के डुमरखां कलां गांव से सिरसा नौकरी के लिए आए युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई। गांव शाहपुर बेगू के निकट कार अनियंत्रित होकर रोड किनारे पेड़ और दुकान से जा टकराई। जानकारी पाकर सिरसा सिविल अस्पताल में पहुंचे परिजनों ने सिरसा में ही रह रहे चाचा महावीर पर आरोप लगाए कि मारपीट कर उसे घर से बाहर निकाल दिया जिस कारण यह हादसा हुआ। पुलिस ने भाई के बयान पर शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार जींद जिले के डुमरखां गांव का रहने वाला युवक अमित पहली बार अपने चाचा महावीर के साथ सिरसा में कोई नौकरी की तलाश में आया था। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। बुधवार अल सुबह वह अपने चाचा के साथ लड़ झगड़कर कर वापस डूमरखां के लिए रवाना हो गया। लेकिन अमित को रास्ते का नहीं पता था, जिस कारण वह चोपटा की ओर रवाना हो गया। कुछ ही दूरी पर गांव शाहपुर बेगू के पास पहुंचा ही था कि गाड़ी अनियंत्रित हो गई और पेड़ से जा टकराई, और दीवार के बीच में फंस गई। आसपास के लोगों ने हादसा देखकर पुलिस और एंबुलेंस को फोन कर जानकारी दी। अमित को जब लोगों ने बाहर निकाला उस समय तक वह दम तोड़ चुका था। जिसके बाद उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में पहुंचाया गया और परिजनों को इस बारे में जानकारी दी।
अंजान युवक ने चाचा की खोली पोल
मृतक मंगलवार रात अपने चाचा महावीर के साथ सिरसा में आया था। चाचा ने अमित के पिता रामभगत को बताया था कि वह उसे सिरसा में नौकरी लगवा देगा। क्योंकि अमित ने लॉ की पढ़ाई की हुई थी। अमित मंगलवार रात सिरसा अपने चाचा के साथ आ गया। बुधवार अल सुबह हादसे में अमित की मौत हो गई। लेकिन चाचा को इस बारे में कुछ पता नहीं लगा। परिजन जब सिविल अस्पताल में पहुंचे थे तो एक युवक ने आकर बताया कि उसके चाचा ने उसके साथ मारपीट की है, जिस कारण वह वहां से गया है। परिजनों ने युवक के चाचा को फोन कर जानकारी दी और बुलाया। तब चाचा महावीर ने बताया कि नोंक झोंक हुई थी, जिसके बाद वह सो गया था और अमित गाड़ी लेकर निकल लिया था। सदर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मृतक युवक के भाई सोमित के बयान पर मामला दर्ज कर लिया और जांच शुरू कर दी है। वहीं पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
हादसे की जानकारी पाकर पुलिस पहुंची थी। युवक के भाई के बयान पर धारा 174 के तहत कार्रवाई की गई है। वहीं यह पहलू भी खंगाला जा रहा है कि उसके चाचा के साथ हुई नोकझोंक का कारण क्या रहा है। मामले की जांच अभी चल रही है।
- इंस्पेक्टर कुलदीप, सदर थाना एसएचओ, सिरसा।