बच्चे का सैंपल लेती स्वास्थ्य विभाग की टीम।
- फोटो : Sirsa
कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जेजे कॉलोनी में संक्रमितों का सर्वे करने के लिए टीमें बढ़ा दी है। वहीं एक्सटेंशन सैंपलिंग भी शुरू कर दी है। इस दौरान पूरी कॉलोनी के एक-एक सदस्य की जांच की जाएगी। क्योंकि कॉलोनी के लोगों ने मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ दुर्व्यवहार की थी, जिस कारण विभाग को पुलिस बुलानी पड़ी थी। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पुलिसकर्मियों के साथ सभी लोगों को सैंपलिंग के लिए बुलाना चाहा, लेकिन लोग किसी की न सुनकर वापस अपने घरों में जा रहे थे। पहले एक टीम थी, अब तीन टीमें कर दी गई। स्वास्थ्य विभाग ने कॉलोनी में इसलिए भी अपनी टीमें बढ़ा दी क्योंकि यहां दो मरीज केवल संपर्क में आने से संक्रमित हुए हैं। जेजे कॉलोनी में तीन संक्रमित हैं और पूरे जिले में 108, वहीं सात संक्रमित स्वस्थ होकर घर लौट चुके हैं।
जिले में संपर्क से कोरोना फैलने के कारण स्वास्थ्य विभाग चिंता जता रहा है। क्योंकि अधिकतर संक्रमितों का तो पता ही नहीं लगता कि वह किन लोगों के संपर्क में आए हैं। शहर की जेजे कॉलोनी में मिले तीन संक्रमितों के कारण कॉलोनी में सर्वे किया जा रहा है। जहां कॉलोनी के लोग विभाग की टीम का सहयोग करने की बजाय उन्हें तंग करने में लगे हुए हैं। जिससे बार बार विभाग की टीमों को पुलिस बुलानी पड़ रही है। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग और आशा वर्कर्स की टीमें सर्वे करने के लिए गई तो कॉलोनी के लोगों ने न ही तो टीम के सदस्यों का सहयोग किया और न ही संपर्क में आए लोग सैंपल देने को तैयार थे। इतना ही नहीं जेजे कॉलोनी में आरएमपी चिकित्सक तक स्वास्थ्य विभाग की टीम का सहयोग करने से कतरा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जेजे कॉलोनी चौकी में इसके बारे में जानकारी दी, जिस पर दो पुलिसकर्मी टीम के साथ लगा दिए गए हैं। बुधवार को जब टीमें सर्वे करने गई तो न ही तो कोई सैंपल देने के लिए बाहर आया और जो आया वह नजदीक से आकर वापस चला गया।
कॉलोनी के हर सदस्य की होगी जांच
स्वास्थ्य विभाग ने कॉलोनी वासियों के इस व्यवहार को देखते हुए निर्णय लिया है कि कॉलोनी के हर एक सदस्य की जांच की जाए। क्योंकि न ही तो यह लोग अपने संपर्क ढंग से बता पा रहे हैं और न ही सैंपल दे रहे हैं। जिस कारण स्वास्थ्य विभाग ने टीमों की संख्या बढ़ाते हुए फैसला लिया है कि कॉलोनी के सभी लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे जाएंगे, जिससे ही पता लग पाएगा कि कौन संक्रमित हैं और कौन नहीं। वहीं लोग कॉलोनी में न ही तो सामाजिक दूरी का पालन कर रहे हैं और न ही मास्क का प्रयोग। जो संक्रमण को बढ़ावा देने का कार्य कर रहे हैं।
टीमें बढ़ाकर एक्सटेंशन सैंपलिंग करवाई जा रही है। क्योंकि जेजे कॉलोनी के लोग विभाग की टीम को सहयोग नहीं कर रहे हैं और न ही अपने संपर्क बता रहे हैं, जिस कारण सभी की जांच की जा रही है। मंगलवार को विभागीय कर्मचारियों के साथ दुर्व्यवहार के कारण पुलिस को बुुलाना पड़ा था।
- डॉ. सुरेंद्र नैन, सिविल सर्जन, स्वास्थ्य विभाग सिरसा।