हरियाणा के बिजली, जेल एवं अक्षय ऊर्जा मंत्री चौ. रणजीत सिंह ने रविवार को स्थानीय शहीद भगत सिंह स्टेडियम से स्वामी विवेकानंद जयंती पर आयोजित रन फॉर यूथ, रन फॉर नेशन मैराथन को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। मैराथन में जिला से हजारों युवाओं, खिलाड़ियों, बुजुर्गों, सामाजिक संस्थाओं, छात्रों के साथ-साथ आमजन ने बड़े उत्साह से भाग लिया। इस दौरान उपायुक्त अशोक कुमार गर्ग, पुलिस अधीक्षक डॉ. अरुण सिंह, एसडीएम सिरसा जयवीर यादव, एसडीएम कालांवाली निर्मल नागर, युवा नेता सूर्य प्रकाश भी मौजूद रहे। इससे पूर्व बिजली मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि हमारे देश में स्वामी विवेकानंद जैसे अनेक महान हस्तियां हुई हैं, जिन्होंने समय-समय पर समाज को अपनी शिक्षाओं से सही रास्ता दिखाया है और युवाओं को राष्ट्रहित में कार्य करने के लिए प्रेरित किया है। उन्होंने कहा कि आज युवाओं को देश हित व समाज हित में अपनी ऊर्जा लगाते हुए सामाजिक बुराइयों का त्याग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत में स्वामी दयानंद, गुरु गोबिंद सिंह, शहीद भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद जैसे अनेक महान संतों, महात्माओं, स्वतंत्रता सेनानियों व समाज सुधारकों ने जन्म लिया है, जिन्होंने समाज को नई दिशा दी है। युवाओं को संबोधित करते हुए उपायुक्त अशोक कुमार गर्ग ने कहा कि स्वामी विवेकानंद यूथ आइकोन थे। उन्होंने कहा कि शहीद भगत सिंह, राजगुरु सुखदेव, अशफाक उल्ला खां जैसे महान स्वतंत्रता सेनानियों ने युवावस्था में वो कर दिखाया जो किसी ने सोचा भी नहीं था। इस अवसर पर सहायक परियोजना अधिकारी शशी सचदेवा, वरिष्ठ नागरिक एसोसिएशन के अध्यक्ष लालचंद गोदारा, पतंजली योग समिति से इंद्रावती देवी, नगर पार्षद सुमन शर्मा मौजूद थे।
मैराथन दौड़ के परिणाम
तीन किलोमीटर (महिला वर्ग) मैराथन में गांव चौटाला की ममता प्रथम व इसी गांव की रूबी द्वितीय तथा गांव बाजेकां की कशिश तृतीय स्थान पर रही। पांच किलोमीटर (महिला वर्ग) मैराथन में गांव चौटाला की लाजवंती प्रथम, गांव जोधकां की पूजा द्वितीय तथा इसी गांव की पूनम तृतीय स्थान पर रही। इसी प्रकार 10 किलोमीटर (महिला वर्ग) मैराथन में गांव बाजेकां की पारुल प्रथम, गांव कसुंबी की दिव्या द्वितीय तााि गांव तलवाड़ा खुर्द की ममता तृतीय स्थान पर रही।
मैराथन दौड़ महिला वर्ग में पंकज, संदीप व रमेश ने मारी बाजी
तीन किलोमीटर (पुरुष वर्ग) मैराथन में गांव मोढी के पंकज ने प्रथम, गांव मांगेआना के जसप्रीत सिंह ने द्वितीय तथा गांव गंगा के महेंद्रपाल ने तृतीय स्थान हासिल किया। 5 किलोमीटर (पुरुष वर्ग) मैराथन में गांव कुत्ताबढ के संदीप प्रथम, मंडी डबवाली के मोहित द्वितीय तथा गांव लंबी के राहुल कुमार तृतीय स्थान पर रहे। इसी प्रकार 10 किलोमीटर (पुरुष वर्ग) मैराथन में गांव गुढियाखेड़ा के रमेश प्रथम, गांव फतेहपुर नियामत खां के रविंद्र कुमार द्वितीय तथा गांव चामल के प्रदीप तृतीय स्थान पर रहे। सभी विजेता धावकों को आगामी 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा।