कार्यालय में बैठक कर अधिकारियों को निर्देश देते एसडीओ।
- फोटो : Sirsa
बिजली चोरी रोको अभियान के तहत बिजली निगम के उपमंडल अभियंता कार्यालय की टीम ने अलग अलग छापेमारी करते हुए 6 लोगों को बिजली चोरी के मामले में पकड़े हैं। पकड़े गए लोगों के खिलाफ आगामी कार्रवाई की जा रही है। इस बारे में उपमंडल अभियंता सतीश कुमार ने बताया कि बिजली चोरी रोकने व लाइन लॉस को कम करने के लिए बिजली विभाग के कनिष्ठ अभियंता व फोरमेन की बैठक बुलाई, जिसमें अलग अलग टीम का गठन करके छापेमारी शुरू की गई। इस दौरान टीमों ने 6 लोगों को बिजली चोरी करते हुए पकड़ा है। पकड़े गए लोगों के खिलाफ डेढ़ लाख का जुर्माना लगाया गया है। उन्होंने बताया कि बिजली चोरी के मामले में अब तक 60 लाख रुपये की रिकवरी भी की जा चुकी है। उपमंडल अभियंता ने बताया कि बिजली विभाग द्वारा बिजली उपभोक्ताओं की रिकवरी के लिए तीन अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। इसके अलावा बिजली के लाइन लॉस को कम करने के लिए बिजली चोरी रोको अभियान भी चलाया जा रहा है। विभाग की टीम ने रानियां शहर के नकोड़ा बाजार, वार्ड नंबर 8 व बाजीगर थेड़ी में बिजली चोरी अभियान चलाया जहां पर 6 लोगों द्वारा सीधी कुंडी पाए जाने पर उन्हें जुर्माना किया गया है। उन्होंने बताया कि रिकवरी के लिए गठित की गई टीम को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि जिन उपभोक्ताओं का बिल बकाया और उनकी बिजली सप्लाई चल रही हैं, उन्हें तुरंत प्रभाव से काटा जाए। उपमंडल अभियंता ने बताया कि विभागीय अधिकारियों के निर्देश द्वारा चलाए गए अभियान के तहत पिछले माह के मुकाबले 60 लाख की रिकवरी की गई है। लेखाधिकारी ने बताया कि बीते माह के दौरान 4.56 करोड़ रुपये की कनेक्टिंग उपभोक्ताओं की रिकवरी बकाया थी, जिसमें विभाग के कर्मचारियों ने 60 लाख की रिकवरी कर ली है। अब विभाग का 3.96 करोड़ रुपये बकाया रह गया है, जिसकी रिकवरी के लिए टीम को सख्त निर्देश दिए गए हैं।