ओढां। गांव ओढां से नुहियांवाली अपने घर लौट रहे बाइक सवार युवक से लूटपाट का मामला सामने आया है। बाइक सवार से 2 अन्य युवकों ने धारदार हथियार दिखाकर मारपीट करते हुए उसकी बाइक छीन ली। पीड़ित ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
गांव नुहियांवाली निवासी राजबीर ने बताया कि वह ओढां में एक होटल पर कार्य करता है। वीरवार रात करीब 9 बजे वह बाइक पर सवार होकर घर लौट रहा था। रास्ते में ईंट भट्ठे के निकट बाइक पर सवार 2 युवकों ने उसकी बाइक रुकवा ली। दोनों युवकों के पास धारदार हथियार थे। दोनों आरोपियों ने उससे पर्स छीन लिया। जिसमें 250 रुपये थे। इसके बाद दोनों आरोपियों ने मारपीट करते हुए उसका मोबाइल सड़क पर मारकर तोड़ दिया और उसकी बाइक छीनकर फरार हो गए।
इसके बाद किसी तरह राजवीर घर पहुंचा और परिजनों को इस बारे में बताया। जिसके बाद डायल 112 पर पुलिस को इस बारे में सूचना दी गई। सूचना मिलने के कुछ देर बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने राजबीर से घटना की जानकारी लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।