सिरसा। हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो यूनिट सिरसा टीम ने एक युवक से 25 किलो डोडा पोस्त बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस ने युवक के खिलाफ मादक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो यूनिट प्रभारी इंस्पेक्टर राकेश कुमार ने बताया कि सब इंस्पेक्टर तरसेम सिंह के नेतृत्व में एचएनसीबी यूनिट सिरसा की एक टीम गांव भुरटवाला के बस स्टैंड पर मौजूद थी। इस दौरान सूचना प्राप्त हुई कि सुरेंद्र पुत्र महावीर सिंह निवासी भुरटवाला डोडा पोस्त बेचने का धंधा करता है जो आज घग्गर के पास अपने खेत के ट्यूबवेल पर डोडापोस्त लिए बेचने की फिराक में है। हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो यूनिट सिरसा की पुलिस टीम घग्गर की खेतों में चलने लगे तो देखा कि एक व्यक्ति खेत में ट्यूबवेल के पास दो प्लास्टिक के कट्टे लिए बैठा है। पुलिस पार्टी को आता देख भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस टीम ने व्यक्ति को काबू कर लिया। तभी मौके पर राजपत्रित अधिकारी को बुलाकर वहां रखे कट्टों की तलाशी ली गई तो उनमें से डोडा पोस्त बरामद हुई। जिसका कंप्यूटर कांडे पर वजन करने पर डोडा पोस्त का कुल वजन 25 किलोग्राम मिला। इसके अतिरिक्त आम जन से अपील करते हुए बताया कि अगर आपको कहीं पर भी नशा बिकता हुआ दिखाई देता है तो हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के टोल फ्री नंबर नंबर 90508–91508 पर सूचना दे सकते हैं। सूचना देने वाले का नाम पता पूर्णता गुप्त रखा जाएगा।