सिरसा। पीओपी का कार्य करने वाले युवक को अपहरण करके उससे मारपीट करने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने घायल संजीव कुमार की शिकायत पर मिट्ठू निवासी सूचान, जश्न खट्टर निवासी डीसी कॉलोनी सिरसा, सहज व दो अन्य के खिलाफ मारपीट का केस दर्ज करके जांच आरंभ कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में संजीव ने बताया कि वह पीओपी का कार्य करता है। वह अपने साथी के साथ बाइक पर कंगनपुर रेलवे फाटक से ऑटो मार्केट जा रहा था। रास्ते में दयाल नगर के पास बने सर्विस स्टेशन से थोड़ा आगे पहुंचने पर मिट्ठू ने उनके बाइक के आगे अपना बाइक अड़ा रास्ता रोक लिया। इसके बाद मिट्ठू उसे अपने बाइक पर जबरन बैठाने लगा। जब उसने विरोध किया तो उससे मारपीट करने लगा। उसका साथी इसी दौरान डर कर अपना मोटरसाइकिल लेकर वहां से भाग गया।
वहीं मिट्ठू सिंह जबरन उसे बाइक पर बैठाकर ऑटो मार्किट में एक खाली जगह पर ले गया। यहां पर जश्न खट्टर पहले ही हाथ में लाठी लेकर बैठा था, जिस पर कीलें लगी हुई हुई थी। दोनों ने उससे मारपीट की। इसके बाद में उसे गांव सुचान ले गए। यहां पर खाली जगह पर उससे मारपीट की। उस पर कील लगी लाठी व बेसबाल के डंडों से हमला किया गया। जब वह बेहोश हो गया तो आरोपी उसे सिरसा में छोड़कर फरार हो गए। उसे बाद में आसपास के लोगों ने उसे अस्पताल में भर्ती करवाया।