सरोवर में युवक की तलाश करते हुए गोताखोर।
- फोटो : Sirsa
गुरुद्वारा दसवीं पातशाही में बने तालाब में सोमवार दोपहर साढ़े तीन बजे एक युवक ने छलांग लगा दी। युवक की पहचान शैंकी उम्र 25 निवासी मिर्रवा हाई स्कूल के नजदीक लखी तालाब मोहल्ला के तौर पर हुई है। गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी ने मामले की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद शाम को गोताखोर बुलाकर युवक की तलाश में जुट गए, लेकिन रात आठ बजे तक उसका कोई सुराग नहीं लगा।
जानकारी के अनुसार साढ़े तीन बजे युवक शैंकी ने गुरुद्वारा साहिब के पास अपना फोन रखकर सरोवर में छलांग लगा दी। शाम को सरोवर की परिक्रमा करने वाले एक व्यक्ति ने किनारे पर एक मोबाइल पड़ा देखा। फोन पर परिजनों की बार-बार कॉल आ रही थीं। व्यक्ति ने फोन उठाकर परिजनों से बात की और बताया कि यह फोन गुरुद्वारा साहिब के सरोवर के किनारे पड़ा था। परिजनों ने गुरुद्वारा साहिब में आकर सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो साढ़े तीन बजे एक युवक सरोवर में छलांग लगाता दिखाई दे रहा है। इसके बाद गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी ने पुलिस प्रशासन को सूचना दी। शाम को पुलिस ने गोताखोर बुलाए। शाम करीब साढ़े छह बजे सर्च अभियान चलाया गया। दो गोताखोर शैंकी की तलाश में जुटे हैं, लेकिन रात साढ़े सात बजे ऑक्सीजन सिलिंडर खत्म होने के बाद एक बार बचाव कार्य कुछ समय के लिए रोक दिया गया। ऑक्सीजन सिलिंडर आने के बाद युवक की तलाश शुरू कर दी गई। परिजनों के अनुसार शैंकी मानसिक रोगी है।