सिरसा। गांव भंभूर के एक युवक जगदीप की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव शुक्रवार रात शहर के पॉलिटेक्निक कॉलेज रोड पर हैफेड गोदाम के पास पड़ा मिला। मृतक के बड़े भाई का आरोप है कि उसके भाई की हत्या की गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मिलने वाले मौत के कारण के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
गांव भंभूर निवासी जगदीप सिंह (25) मजदूरी करता था। पड़ोसी युवक रमेश कुमार एक मई को उसे घर से बुलाकर ले गया। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। उसके घरवालों ने दो मई को उसकी तलाश की। रणजीत सिंह ने बताया कि ढाणी तेजा सिंह निवासी उसका दोस्त धीरा सिंह भी उसके भाई जगदीप की तलाश करने लगा। शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे वह हैफेड गोदाम के पास पहुंचे तो जगदीप मृत हालत में पड़ा मिला।
इसी दौरान बाइक सवार तीन युवक आए और धीरा सिंह पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। शोर मचाने पर तीनों हमलावर अपनी बाइक छोड़कर फरार हो गए। रणजीत सिंह ने बताया कि धीरा सिंह ने उसे जगदीप के बारे में सूचित किया। इसके बाद घरवाले मौके पर पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शनिवार दोपहर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मोबाइल फोन से दोनों सिम गायब
जगदीप के शव के पास उसका मोबाइल फोन पड़ा मिला, लेकिन मोबाइल से दोनों सिम गायब हैं। रणजीत सिंह का कहना है कि उसके भाई की हत्या की गई है। पड़ोस में रहने वाला रेशम की एक मई को कोर्ट में तारीख थी। इसलिए वह जगदीप को अपने साथ ले गया था। रेशम भी उसी दिन से लापता है।
बाइक छोड़कर भाग गए हमलावर
धीरा सिंह का कहना है वह शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे हैफेड के गोदाम के पास पहुंचा तो जगदीप मृत हालत में पड़ा मिला। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन युवकों ने उस पर भी हमला कर दिया। हमले में धीरा सिंह के सिर पर गंभीर चोट लगी। शोर मचाने पर तीनों हमलावर अपनी बाइक छोड़कर भाग गए। रणजीत सिंह ने धीरा पर हमला करने वालों पर ही जगदीप की हत्या का शक जताया है।
पुलिस ने मृतक जगदीप सिंह के बड़े भाई रणजीत सिंह का बयान दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मिलने वाले मौत के कारण के अनुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच गंभीरता से कर रही है। - संदीप सिंह, प्रभारी, शहर थाना, सिरसा।