डबवाली। न्यू बस स्टैंड रोड पर चल रहा दुकानदारों का धरना शुक्रवार को आठवें दिन समाप्त हो गया। एसडीएम अर्पित संगल व रोडवेज के टीएम सुधीर कुमार ने भूख हड़ताल पर बैठे तीनों लोगों को नारियल पानी पिलाकर उनका अनशन व धरना खत्म करवाया। दुकानदारों को अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि रोडवेज वर्कशॉप की इस जगह पर पार्किंग बनाने के लिए हेडक्वार्टर से जरूरी स्वीकृति ली जाएगी, प्रशासन भी इस स्वीकृति के लिए अनुमोदन करेगा। जल्द ही स्वीकृति मिलने के बाद पार्किंग बना दी जाएगी।
बता दें कि धरने पर आठवें दिन राजकुमार कनवाड़िया, रविंद्र बबलू व राकेश कुमार भूख हड़ताल पर बैठे। दोपहर को एसडीएम अर्पित संगल ने धरनारत्त दुकानदारों को मिलने के लिए बुलाया। एसडीएम कार्यालय में दुकानदारों ने पार्किंग स्थल को लेकर एसडीएम से विस्तार से चर्चा की। दुकानदारों ने कहा कि उन्हें मल्टी स्टोरी पार्किंग की जरूरत नहीं है, बस रोडवेज द्वारा पूर्व की भांति उक्त जगह को पार्किंग के लिए खोल दिया जाए। दुकानदारों ने बताया कि उनका पक्ष पूरी तरह जानने के बाद एसडीएम ने रोडवेज अधिकारियों से भी बात की। इसके बाद एसडीएम अर्पित संगल व रोडवेज के टीएम सुधीर कुमार धरना स्थल पर पहुंचे।
उन्होंने मौके का मुआयना किया व प्लानिंग पर चर्चा के बाद दुकानदारों को पार्किंग जल्द शुरू करने का आश्वासन दिया। इसके उपरांत उन्होंने भूख हड़ताल पर बैठे तीनों लोगों को नारियल पानी पिलाकर उनका अनशन समाप्त करवा दिया।
दुकानदार नरेश सेठी, सतपाल सोनी, हरविंद्र सिंह कालड़ा, डाॅ. अश्वनी सचदेवा, अशोक वधवा, सतीश सेतिया व अन्य ने कहा कि एसडीएम व रोडवेज के टीम ने पार्किंग खोले जाने की मांग को मान लिया है। इसके लिए मुख्यालय से जल्द ही स्वीकृति ली जाएगी। स्वीकृति मिलने तक यहां गेट छोड़े जाने की दुकानदारों की मांग को भी अधिकारियों ने मान लिया है। उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि जल्द ही पार्किंग बनाकर लोगों की समस्या का समाधान किया जाएगा। इस अवसर पर भाजपा नेता विजय वधवा भी मौजूद रहे।
इन लोगों ने किया दुकानदारों का समर्थन
इस अवसर पर नारी शक्ति संस्था की संस्थापिका डाॅ. प्रेमकांता आहलूवालिया, आनंदी देवी पार्षद, डाॅ. शमिंद्र मिगलानी, राकेश वाल्मीकि, नरेश कुमार, जसपाल सिंह, विशु बांसल, सोनू कालड़ा, केवल वधवा, मुकेश, आशु अनेजा, राजेश जैन काला व अन्य लोगों ने दुकानदारों का समर्थन किया।