बड़ागुढ़ा में कार्रवाई करते पुलिसकर्मी।
बडागुढ़ा। गांव बडागुढ़ा में वीरवार रात्रि पिता-पुत्र में हुए झगड़े के चलते पिता ने अपने बेटे की तेजधार हथियार से वार कर निर्मम हत्या कर दी। सूचना के बाद बडागुढ़ा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम हेतु नागरिक अस्पताल में भिजवाया। इस संबंध में पुलिस ने मृतक की मां के बयान पर उसके पति के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। वहीं पुलिस का कहना है कि हत्यारोपी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के बाद ही हत्या की असल कारणों का खुलासा होगा।
पुलिस को दिए बयान में महिला रानी कौर ने बताया कि वह पति लालचंद के साथ छोटे बेटे 30 वर्षीय संदीप के साथ रहती थी। लालचंद व संदीप दोनों शराब पीने के आदी होने के चलते अक्सर झगड़ा करते रहते थे। वह गांव में मिट्ठू सिंह व जसवीर सिंह के घर में झाड़ू-पोचा करती थी और रोज की कलह से परेशान वह मिट्ठू सिंह के घर ही रहने लग गई। रानी कौर ने बताया कि शुक्रवार अलसुबह उसका बड़ा बेटा सुखराम मिट्ठू सिंह के घर आया और उसे यह कहकर भाग गया कि संदीप को मार दिया। जिसके बाद वह जब घर पहुंची तो देखा कि संदीप चारपाई पर लहूलुहान अवस्था मेंं मृत पड़ा था। उसके मुंह, गले व छाती पर कई घाव थे। रानी कौर का आरोप है कि पति लालचंद ने संदीप की धारदार हथियार से हत्या की है। वहीं सूचना के बाद बडागुढ़ा थाना प्रभारी राजेश कुमार, सीआईए स्टाफ सिरसा व सीन ऑफ क्राइम टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। घटना के बाद से लालचंद व बड़ा बेटा सुखराम दोनों फरार हैं।
कोट्स
पुलिस ने रानी कौर के बयान पर उसके पति लालचंद के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी की अभी गिरफ्तारी नहीं हुई है। गिरफ्तारी के बाद ही हत्या की वजह का पता चलेगा।
-राजेश कुमार, थाना प्रभारी, बडागुढ़ा।