मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि योग हमारी प्राचीन विद्या है और यह हमारी संस्कृति के साथ-साथ शिक्षा का अभिन्न अंग रहा है। गुरुकुल में पढ़ने वाले बच्चों को योग की शिक्षा दी जाती थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प व दूरदर्शिता से दोबारा से योग को पूरी दुनिया में पहचान मिली है। प्रदेश सरकार ने इस दिशा में कदम बढ़ाते हुए स्कूलों में भी योग प्रशिक्षक तैयार करने की योजना बनाई है। इसी कड़ी में सरकारी स्कूलों के डीपी, पीटीआई व अन्य अध्यापकों को प्रशिक्षित करने के प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया है।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल रविवार को पंचकूला से हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद व हरियाणा योग परिषद की संयुक्त तत्वाधान में आयोजित योग प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ करने उपरांत प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे पीटीआई, डीपी व अध्यापकों को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यक्ति के शारीरिक व मानसिक विकास के लिए योग बहुत ही जरूरी है। कोरोनाकाल में तो योग की अहमियत और भी अधिक हो गई है। उन्होंने कहा कि इलाज से कोरोना बीमारी से ठीक तो जाते हैं, लेकिन दोबारा से शरीर को ऊर्जावान व स्वस्थ बनाने में योग की अहम भूमिका होती है। सिरसा में जिला स्तरीय योग प्रशिक्षण का आयोजन सीडीएलयू के मल्टीपर्पज हाल में किया गया, जिसका शुभारंभ दीप प्रज्जवलित कर अतिरिक्त उपायुक्त उत्तम सिंह ने किया। अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि स्वस्थ शरीर से ही विकासात्मक गतिविधियों का उद्गम होता है और सकारात्मक दृष्टिकोण जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि जिला में तीन चरणों के योग प्रशिक्षण में करीब 320 पीटीआई, डीपी व अध्यापकों को योग का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रथम चरण के प्रशिक्षण शिविर का आज शुरूआत की गई है। इसी तरह सेे तीसरे चरण का प्रशिक्षण शिविर लगाया जाएगा। तीनों चरणों के 21 दिनों में जिला के 320 पीटीआई, डीपी व अध्यापकों को योग बारे प्रशिक्षित किया जाएगा। प्रशिक्षण शिविर में हरियाणा योग परिषद की ओर से प्रशिक्षित बच्चों व गांव ढूकड़ा के सीनियर सेकेंडरी स्कूल के बच्चों ने उपस्थित पीटीआई व डीपी के समक्ष योग क्रियाएं की। स्वाभिमान ट्रस्ट के चंद्रपाल योगी ने पीटीआई व डीपी को योग प्रशिक्षण दिया और योग के महत्व पर प्रकाश डाला।
अध्यापक भगवाना राम 20 वर्षों से करवा रहे योग, 70 से अधिक बच्चे योग में जीत चुके गोल्ड मेडल
गांव ढूकड़ा के सीनियर सेकेंडरी स्कूल के संस्कृत अध्यापक भगवाना राम करीब 20 वर्षों से बच्चों को योग का प्रशिक्षण दे रहे हैं। इन द्वारा योग सीख चुके करीब 70 से अधिक बच्चे योग में राज्य स्तर पर गोल्ड मेडल जीत चुके हैं। योग प्रशिक्षण शिवर में उनकी टीम के छात्र-छात्राओं शीर्षआसन, गर्भआसन, कुकुटआसन, चक्रआसन, हलआसन, श्रीकृष्णाआसन,पश्चिमोतानआसन, धर्नुआसन, सल्पआसन, डोल आसन, नटराज आसन, ताड़ासन, हनुमान आसन, वृक्षासन की प्रस्तुति की।