सिरसा-हिसार रोड पर बरसाती लाइन बिछाने के बाद तोड़कर छोड़ी सड़क।
सिरसा। शहर के प्रमुख मार्गों में शामिल हिसार रोड पर सड़क धंसने की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। करीब डेढ़ वर्ष पहले बरसाती पानी की निकासी के लिए पाइप लाइन बिछाने के दौरान सड़क को कई स्थानों से तोड़ा गया था लेकिन निर्माण कार्य पूरा होने के बाद आज तक सड़क जगह-जगह से धंस रही है और वाहन चालकों के लिए खतरा बनी हुई है। लोगों की ओर से डंडे व कपड़े लगाकर संकेतक का प्रयोग करना पड़ रहा है।
इसके बाद भी प्रशासन की ओर से कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। बरसाती लाइन डालने के बाद सड़क की मरम्मत तो की गई लेकिन गुणवत्ता पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया। शुरुआत में सड़क सामान्य दिखाई दी मगर समय के साथ अलग-अलग हिस्सों में धंसाव शुरू हो गया। अब कई स्थानों पर सड़क का स्तर नीचे बैठ गया है। बीएंडआर से लेकर नगर परिषद कोई इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है।
प्रतिदिन 50 हजार वाहन इस रोड से गुजरते है
आंकड़ों के अनुसार हिसार रोड पर रोजाना 50 हजार से ज्यादा वाहन गुजरते हैं। इसमें बड़े वाहन जैसे रोडवेज की बसें, ट्रक व अन्य वाहन शामिल हैं। ऐसे में सड़क का धंसना दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ा रहा है। विशेषकर रात के समय या बारिश के दौरान धंसे हुए हिस्से आसानी से नजर नहीं आते जिससे वाहन चालकों को अचानक झटके लगते हैं और संतुलन बिगड़ने का खतरा बना रहता है।
लोग के अनुसार प्रशासन सड़क को करवाए दुरुस्त
हिसार रोड के संदीप कुमार, राजेंद्र कुमार, गजेंद्र सिंह आदि का कहना है कि कई बार संबंधित विभागों का ध्यान इस समस्या की ओर दिलाया गया है लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो सका। उनका आरोप है कि सड़क की मरम्मत केवल औपचारिकता बनकर रह गई है। कुछ समय बाद फिर वही स्थिति सामने आ जाती है और मार्ग दोबारा धंसने लगता है।
-
नगर परिषद जेई राहुल कुमार ने बताया कि समस्या का मुख्य कारण बरसाती लाइन में लीकेज होना है या अन्य कारण है। इसको लेकर जांच की जाएगी। तकनीकी स्तर पर समस्या का अध्ययन किया जा रहा है। जहां-जहां लीकेज की आशंका है वहां जांच कर आवश्यक मरम्मत की जाएगी। यदि अन्य कारण है तो संबंधित विभाग को अवगत करवा दिया जाएगा।