नागरिक अस्पताल में आमजन को परिवार नियोजन और जनसंख्या नियंत्रण के प्रति जागरूक किया गया
फोटो 4
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। विश्व जनसंख्या दिवस के उपलक्ष्य में वीरवार को नागरिक अस्पताल में आमजन को परिवार नियोजन और जनसंख्या नियंत्रण के प्रति जागरूक किया गया। स्वास्थ्य अधिकारियों ने परिवार नियोजन अपनाने का संदेश दिया।
सिविल सर्जन डॉ. पवन कुमार ने बताया कि जिले में 11 से 18 जुलाई तक जनसंख्या स्थिरता पखवाड़ा मनाया जाएगा। इस दौरान सभी सरकारी अस्पतालों में नसबंदी और नलबंदी के विशेष ऑपरेशन शिविर लगेंगे। पात्र दंपतियों को परिवार नियोजन संबंधी सेवाएं मिलेंगी।
नागरिक अस्पताल सहित सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर कॉपर-टी, कंडोम, माला-डी, अंतरा इंजेक्शन और छाया जैसे परिवार कल्याण के साधन निशुल्क उपलब्ध हैं। परिवार नियोजन अपनाने वाले दंपतियों को सरकार प्रोत्साहन राशि भी देती है।
उप सिविल सर्जन डॉ. भारत भूषण मित्तल ने कहा कि भारत विश्व का सर्वाधिक जनसंख्या वाला देश है। बढ़ती जनसंख्या विकास के अवसर देती है, पर संसाधनों पर दबाव भी बढ़ाती है। जनसंख्या संतुलन बनाए रखना समय की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि 11 जुलाई को राजकीय एएनएम प्रशिक्षण स्कूल की छात्राओं द्वारा जनजागरूकता रैली भी निकाली जाएगी।
जनसंख्या नियंत्रण का महत्व
डॉ. पवन कुमार ने कहा कि विश्व जनसंख्या दिवस का उद्देश्य बढ़ती जनसंख्या से उत्पन्न चुनौतियों के प्रति लोगों को जागरूक करना है। इसका लक्ष्य परिवार नियोजन, प्रजनन स्वास्थ्य और जनसंख्या संतुलन का महत्व समझाना है। बढ़ती जनसंख्या का सीधा प्रभाव प्राकृतिक संसाधनों, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, रोजगार और पर्यावरण पर पड़ता है। जनसंख्या स्थिरता के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति का सहयोग आवश्यक है।
पुरुष नसबंदी सुरक्षित प्रक्रिया
डॉ. भारत भूषण मित्तल ने बताया कि पुरुष नसबंदी पूरी तरह सुरक्षित, सरल और प्रभावी प्रक्रिया है। इससे किसी प्रकार की शारीरिक कमजोरी नहीं आती। परिवार नियोजन संबंधी जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति नागरिक अस्पताल सिरसा के कमरा नंबर-21 में संपर्क कर सकते हैं। किशोरावस्था परामर्शदाता कमल कक्कड़ ने बताया कि हरियाणा सरकार जागरूकता अभियान चलाती है।