- चोरी का पता चलने पर मालिक को दी आत्महत्या की धमकी, पुलिस जांच में जुटी
फोटो 19
संवाद न्यूज एजेंसी
कालांवाली। बस स्टैंड के पास स्थित फर्नीचर के शोरूम में सोमवार रात को कार्यरत कर्मचारियों ने चोरी को अंजाम दिया। कई एसी कर्मचारी चोरी कर ले गए। घटना का पता चलने पर शोरूम संचालक ने इसकी सूचना कालांवाली पुलिस को दी। पुलिस चौकी प्रभारी रविंद्र कुमार ने टीम के साथ जायजा लिया और शोरूम संचालक के बयान दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू की।
पुलिस को दी शिकायत में जय दुर्गा फर्नीचर हाउस के संचालक अशोक कुमार ने बताया कि उनके शोरूम पर गांव पक्का शहीदां के दो भाई अमृत पाल व पवन कुमार तथा गांव माखा के दो भाई मनिंद्र सिंह व राजिंद्र सिंह कई वर्षों से काम कर रहे हैं। उन्हें कुछ दिन पहले संदेह हुआ है कि शोरूम में एसी का स्टॉक कम है। इसके बाद कुछ जानकार लोगों ने बताया कि तुम्हारे कर्मचारी ही एसी चोरी करते हैं।
अशोक कुमार ने जब बाद में कर्मचारियों से दबाव डालकर पूछताछ की तो सामने आया कि वे ही गोदाम से एसी चोरी करते थे। उन्होंने धमकी दी कि यदि पुलिस को सूचना दी तो वे आत्महत्या कर लेंगे और इल्जाम उनके ऊपर आएगा।
अशोक कुमार ने कहा कि कर्मचारियों की आत्महत्या की धमकी देने के बाद भी उन्होंने डायल 112 को सूचना दी। टीम ने मौके पर पहुुंचकर कालांवाली पुलिस चौकी को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर मौजूद अमृत पाल गांव पक्का शहीदां व मनिंद्र सिंह निवासी माखा को हिरासत में लिया।
चौकी प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि शोरूम संचालक अशोक कुमार के बयानों पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।