रानियां। राजीव गांधी खेल स्टेडिय़म बालासर में हुए सांसद खेल महोत्सव में सर छोटू राम जाट सीनियर सेकेंडरी स्कूल मोहम्मदपुरिया के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण और एक रजत पकर अपने नाम किए हैं। राज्य सरकार की ओर से आयोजित इस सांसद खेल महोत्सव में विद्यालय से दो खो-खो व एक कबड्डी की टीम ने भाग लिया।
कोच कुलदीप झोरड़ ने बताया कि प्रतियोगिता में लड़कों की खो-खो टीम ने सेमीफाइनल में ओटू और फाइनल में कुस्सर की टीम को हराते हुए प्रथम स्थान पर रही। वहीं दूसरी ओर लड़कियों की टीम फाइनल मुकाबले में एसएचडी स्कूल नानुआना को परास्त कर विजेता रही। इसी प्रकार लड़कियों की कबड्डी टूर्नामेंट में बणी के साथ खेलते हुए विद्यालय की टीम दूसरे स्थान के साथ उपविजेता रही।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के विजेता टीम के खिलाड़ियों को मुख्य अतिथि एएसपी फैसल खान ने ट्रॉफी व मेडल भेंट कर सम्मानित किया और सभी खिलाड़ियों को कड़ी मेहनत व लग्न के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय संचालक सतबीर तेतरवाल ने कहा कि सभी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर नाम ऊंचा किया है।