फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sirsa News: पति की लंबी उम्र के लिए आज करवाचाैथ का व्रत रखेंगी महिलाएं, बाजार में उमड़ी भीड़

विज्ञापन
बाजार में खरीदारी करतीं महिलाएं। 
विज्ञापन
सिरसा। सुहागिन महिलाएं 10 अक्तूबर को करवाचौथ पर अपने पति की लंबी आयु और सुख-समृद्धि की कामना के लिए दिनभर निर्जला व्रत रखेंगी। सुबह से ही महिलाएं श्रृंगार कर पूजा की तैयारियों में जुट जाएंगी। पारंपरिक परिधान, हाथों में सजी मेहंदी और माथे पर सिंदूर का तिलक इस पर्व की सुंदरता को और बढ़ाएगा।
विज्ञापन


शाम को चंद्रोदय के बाद महिलाएं अपने पति के दर्शन कर व्रत का पारण करेंगी। वीरवार को करवाचौथ से एक दिन पहले देर रात तक शहर के बाजारों में जबरदस्त रौनक रही। महिलाएं आखिरी समय तक सजने-संवरने के सामान की खरीदारी करती नजर आईं। ब्यूटी पार्लर, कॉस्मेटिक की दुकानें, चूड़ी बाजार और मेंहदी आर्टिस्ट के पास दिनभर भीड़ लगी रही। हर कोई इस पर्व को खास बनाने में जुटा रहा।

करवाचौथ पर बाजार में मिट्टी और चीनी के बने करवों की विशेष मांग देखने को मिली। दुकानदारों ने बताया कि पारंपरिक करवे के साथ-साथ डिजाइनदार सजे हुए करवे भी महिलाओं को खूब पसंद आ रहे हैं। मिट्टी के करवे पर रंगीन सजावट और सुनहरी किनारी ने उनका आकर्षण और बढ़ा दिया है।
विज्ञापन


इसके अलावा पूजा थालियों, छलनी, दीपक और श्रृंगार सामग्री की भी जमकर बिक्री हुई। कई महिलाओं ने सजी हुई तैयार थालियां भी खरीदीं। इनमें करवा, दीपक, कंगन, मेहंदी, सिंदूर और मिठाई पहले से सजी रहती है।

-

बाजारों में रौनक, रात तक रही चहल-पहल

करवाचौथ से एक दिन पहले वीरवार को बाजारों में पूरे दिन और रात तक रौनक रही। चूड़ी, बिंदी, मेहंदी, श्रृंगार सामग्री की दुकानों पर महिलाओं की लंबी कतारें लगीं। दुकानदारों ने बताया कि इस बार करवाचौथ पर ग्राहकी सामान्य दिनों से दोगुनी रही। कई महिलाएं परिवार सहित खरीदारी करने निकलीं। शहर के मुख्य बाजार मोहंता मार्केट, रोड़ी बाजार, सदर बाजार, मीना बाजार, सुभाष चौक, भगत सिंह चौक, बरनाला रोड में देर रात तक भीड़ लगी रही।

सुबह से पूजा की तैयारियों में जुटेंगी महिलाएं

10 अक्तूबर को तड़के महिलाएं स्नान कर पारंपरिक परिधान धारण करेंगी और श्रृंगार के बाद करवाचौथ व्रत की कथा सुनेंगी। कथा में करवा, गणेश जी, चंद्रमा और माता पार्वती की पूजा की जाती है। मान्यता है कि करवाचौथ के व्रत से पति की आयु लंबी होती है और दांपत्य जीवन में सुख-शांति बनी रहती है। महिलाएं पूरे दिन निर्जला रहकर शाम को चंद्रमा के दर्शन के बाद ही व्रत खोलती हैं।

कथा सुनने के बाद होगा चंद्रोदय का इंतजार

शाम होते ही महिलाएं सोलह श्रृंगार करके करवाचौथ की पूजा करेंगी। पूजा के बाद महिलाएं अपने-अपने घर की छतों या आंगनों में चंद्रमा के उदय का इंतजार करेंगी। जैसे ही चांद निकलेगा, महिलाएं छलनी से चंद्रमा और फिर अपने पति का चेहरा देखेंगी। पति के हाथों से जल ग्रहण कर व्रत का समापन करेंगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें