सिरसा। सीटी स्कैन करवाने के बाद ई-रिक्शा से घर लौट रही महिला का सोने के आभूषणों से भरा थैला चोरी हो गया है। पीड़ित रमा रानी पत्नी विजय कुमार निवासी सिरसा की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात महिलाओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में रमा रानी ने बताया कि वह 10 अगस्त को कान का सीटी स्कैन करवाने के लिए सरकुलर रोड स्थित गर्ग अल्ट्रासाउंड सेंटर गई थी। उसे बालाजी ईएनटी अस्पताल के डॉक्टर सुदीप मुंजाल ने सीटी स्कैन के लिए भेजा था। सेंटर के स्टाफ के कहने पर उसने नाक का कोका, दोनों कानों की दो जोड़ी छोटी बालियां व मंगलसूत्र उतारकर एक थैले में रख लिए।
सीटी स्कैन के बाद वह ई-रिक्शा से घर लौट रही थी। शिव चौक के पास चालक ने दो अन्य महिलाओं को भी रिक्शा में बैठा लिया। पीड़ित के अनुसार घर के पास गली में उतरने के बाद उसे पता चला कि उसका आभूषणों वाला थैला गायब है। रमा रानी ने शक जताया है कि रिक्शा में सवार दो महिलाओं ने ही सोने के आभूषणों से भरा थैला चुराया है। जांच अधिकारी एसआई विनोद कुमार का कहना है कि अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।