स्थानीय सिरसा रोड, वार्ड नं. 19 स्थित शिव नगर में शनिवार रात उधार के दिए पैसे मांगने पर गुस्साए युवक ने गाली गलौच के बाद महिला पर ईंट से हमलाकर उसकी हत्या कर दी। मृतक की पहचान वार्ड निवासी 32 वर्षीय सुखप्रीत कौर पत्नी तरसेम सिंह के तौर पर हुई है। सूचना मिलने पर शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी एएसआई रामनिवास ने बताया कि पुलिस को दिए बयान में तरसेम सिंह ने बताया कि मूल रूप से वह गांव शेरगढ़ का निवासी है और हाल में शिव नगर, वार्ड नंबर 19 में किराए के मकान में रहता है। वह पंजाब के जिला तरनतारन की एक फैक्टरी में प्राइवेट नौकरी करता है। उसका 14 वर्षीय बेटा सुखजिंद्र सिंह है। बिट्टू उर्फ गुरतेज निवासी आलमवाला निवासी पंजाब, वार्ड नंबर 20 डबवाली में अपनी बहन जसविंद्र के पास रहता है, और उसके साले गगनदीप के साथ मित्रता होने के चलते उसके घर भी आना जाना हो गया। उसकी पत्नी सुखप्रीत कौर ने अपना ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए कुछ रुपयों के साथ 20 हजार रुपये उधार के तौर पर बिट्टू को दे रखे थे। शनिवार की रात्रि करीब साढ़े 9 बजे उसकी पत्नी सुखप्रीत कौर व बेटा सुखजिंद्र सिंह घर पर थे। इस दौरान बिट्टू उर्फ गुरतेज उसके घर आया। जब सुखप्रीत ने उससे उधार दिए हुए पैसे मांगे तो बिट्टू गाली गलौच करने लगा और उसने ईंट से हमलाकर उसे गंभीर तौर पर घायल कर दिया। उपचार के दौरान सुखप्रीत की मौत हो गई।
जांच अधिकारी ने बताया कि रविवार सुबह मृतका के पति तरसेम सिंह के बयानों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी बिट्टू के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।