कालांवाली। शहर के वार्ड नंबर 6 में अज्ञात युवकों ने एक घर में घुसकर महिला को बंधक बना लिया और साढ़े तीन लाख रुपये की नकदी के साथ सोने-चांदी के आभूषण लूटकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पहुंची।
पीड़ित 50 वर्षीय मनजीत कौर ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब चार बजे वह घर में अकेली थी। इसी दौरान दो युवक घर का गेट खुलवाकर अंदर आए। दोनों ने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे। उन्होंने खुद को बिजली का इन्वर्टर ठीक करने वाला बताया। महिला ने कहा कि उनके घर का कोई इन्वर्टर खराब नहीं है।
मनजीत कौर के अनुसार इसके बाद दोनों युवकों ने अचानक उसके गले में कपड़ा डालकर उसे अंदर धकेल दिया। थोड़ी देर बाद उन्होंने अपने दो अन्य साथियों को भी बुला लिया। चारों आरोपियों ने उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया, हाथ-पैर बांध दिए और मारपीट की। बदमाशों ने अलमारी में रखे करीब साढ़े तीन लाख रुपये निकाल लिए।
महिला ने बताया कि यह राशि उसके पति की मृत्यु के बाद दीनदयाल योजना के तहत मिली थी। आरोपियों ने उसके कानों में पहनी सोने की बालियां व हाथ में पहनी चांदी की चूड़ी भी उतार ली और फरार हो गए।
बदमाशों के जाने के बाद महिला किसी तरह बाहर निकली और शोर मचाया। पड़ोसियों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। जांच अधिकारी विजय कुमार का कहना है कि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है, जल्द ही अज्ञात युवकों की पहचान कर ली जाएगी।