सिरसा। गांव पनिहारी निवासी युवक को फेसबुक पर अनजान महिला से चैट करना भारी पड़ गया। आरोपी ने खुद को यूएसए में नर्स बताकर युवक से 40,000 रुपये की ठगी कर ली। युवक ने पुलिस की शिकायत पर अज्ञात महिला के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव पनिहारी निवासी राजकुमार ने बताया कि 15 दिन पहले उसके फेसबुक अकाउंट पर मैरी सुमिथ नाम की फेसबुक आईडी से दोस्ती की पहल हुई। उसने उसे स्वीकार कर लिया। दोनों की आपस में फेसबुक चैट होने लगी। आरोपी ने अपना मोबाइल नंबर भी दिया। उन दोनों की वाट्सएप पर बात होने लगी।
मैरी ने बताया कि वह यूएसए की मूलवासी है और सीरिया में नर्स की नौकरी करती है। उसने बताया कि वह कुछ दिनों बाद छुट्टियों में घूमने के लिए भारत आएगी। तब भारत घूमने में तुम मेरी मदद करना। उसके बाद 21 जून को किसी व्यक्ति का फोन आया कि आपकी दोस्त मैरी भारत में एयरपोर्ट पर आ गई है लेकिन उसके पास भारतीय मुद्रा नहीं है। उसके पास अधिक डाॅलर होने के कारण उसका बैग जीएसटी अधिकारियों के कब्जे में ले लिया है। बैग छुड़वाने के लिए 20,000 रुपये की जरूरत है। उसके बाद मैरी ने जीपे नंबर मैसेज कर दिया और उस नंबर पर उसे 20,000 रुपये भेज दिए
उसके बाद दोबारा एक व्यक्ति का फोन आया कि उन्हें भुगतान नहीं मिला। ऐसे में दोबारा रुपये डालने के लिए उसने स्कैनर कोड भेजा। इसे स्कैन करके उसने तीन बार में 500, 2,000 और 18,000 रुपये भेज दिए। मैरी ने कहा कि आपके पास आकर रुपये लौटा दूंगी। इसके लिए दो, तीन तक झांसा देने के बाद आरोपी ने उसका फोन नंबर ब्लॉक कर दिया। तब उसे ठगी का पता चला। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।