सिरसा।सहकारी विपणन समितियों के कर्मचारी व सदस्य बैठक के दौरान । समिति
सिरसा। सहकार भारती की मध्यस्थता से सहकारी विपणन समितियों व कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त हो गई है। दि हरियाणा कोऑपरेटिव मार्केटिंग सोसायटी एम्पलाइज यूनियन के प्रदेश महामंत्री हनुमान ने बताया कि कर्मचारी यूनियन लंबे समय से समितियों को फसल खरीद पर मिलने वाले कमीशन की दर को बढ़ाने की मांग कर रही थी।
हैफेड प्रबंधन ने मांग को पूरा करने के बजाय सहकारी विपणन समितियां को धान फसल के न्यूनतम समर्थन मूल्य पर वर्षों-वर्ष से मिल रहे कमीशन की दर 0.25 प्रति क्विंटल, जो कि 5.80 रुपये प्रति क्विंटल बनता है, उसे घटाकर मात्र 1.33 रुपये कर दिया, जिससे समितियों की कमीशन आय में लगभग 77 प्रतिशत की कमी हो गई, यही मुद्दा आंदोलन का मुख्य कारण बना।
इसके विरोध में कर्मचारी यूनियन की लगातार चार दिनों से चल रही हड़ताल के कारण समिति हितों और किसानों को होने वाली परेशानी को देखते हुए मुख्य मुद्दे के समाधान के लिए सहकार भारती आगे आई। उन्होंने यूनियन और सरकार से बातचीत कर मुख्य समस्या का समाधान करवाया। इसके लिए हम सहकार भारती के प्रदेश नेतृत्व अध्यक्ष राजवीर सिंह गोदारा और प्रदेश महामंत्री डाॅ. सौरभ भीष्म का धन्यवाद करते हैं।
उन्होंने सरकार से यह भी मांग की है कि पिछले 7 वर्षों से हैफेड के निदेशक मंडल के चुनाव नहीं हुए हैं। सरकार तत्काल चुनाव करवाए, ताकि हैफेड प्रबंधन द्वारा लिए जाने वाले निर्णय में इन सहकारी समितियों की भी भागीदारी हो सके। यूनियन ने सहकारी विपणन समितियां के आर्थिक स्वावलंबन के लिए सात सूत्रीय मांग पत्र भी मुख्यमंत्री को दिया और आग्रह किया कि जल्द से जल्द इन मांगों का समाधान करें। बैठक में यूनियन के उपाध्यक्ष रमेश कुमार, सतवीर सिंह चौहान, सचिव राजेश कुमार, मैनपाल, संगठन मंत्री सुरेंद्र मलिक, जगतार सिंह, सुरेश कुमार व अन्य मौजूद रहे।