ऊपर वाला जब देता है तो छप्पर फाड़कर देता है, ऐसा ही हुआ है इंद्रपुरी मोहल्ला के महेश मेहता के साथ। इलेक्ट्रॉनिक की दुकान चलाने वाले महेश मेहता ने शायद सपने में भी नहीं सोचा होगा कि वह इस लॉटरी के टिकट से करोड़पति बन जाएगा।
महेश ने पंजाब स्टेट लॉटरी दिवाली बंपर के प्रथम पुरस्कार के रूप में डेढ़ करोड़ रुपये जीते हैं। उसके घर पर दिनभर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा।
गुरु जंभेश्वर मार्ग पर स्थित बिश्नोई मार्केट में एक छोटी सी इलेक्ट्रॉनिक की दुकान चलाने वाले महेश मेहता पुत्र सुरेश मेहता ने मात्र 200 रुपये का लॉटरी का टिकट खरीदा था। महेश ने बताया कि करीब एक महीने पहले पंजाब स्टेट महालक्ष्मी दीपावली पूजा लॉटरी खरीदी थी।
शनिवार सुबह इसका रिजल्ट अखबार में छपा तो उसकी खुशी का ठिकाना न रहा। इस लॉटरी के डेढ़-डेढ़ करोड़ के पहले दो ईनाम में एक महेश मेहता का निकला। जैसे ही लोगों को पता चला कि महेश की लॉटरी निकली है तो उसके घर बधाई देने वालों का तांता लग गया।
34 वर्षीय महेश मेहता ने बताया कि इससे पहले भी वह दीपावली पर लॉटरी खरीदता आया है। इस बार 200 रुपये में दुकान पर आए एक एजेंट से टिकट खरीदा था।
कभी सोचा नहीं था कि उसका पहला इनाम निकल जाएगा। लॉटरी एजेंट ने उसे एक दिन पहले बता दिया था कि उसका पहला इनाम निकला है। महेश मध्यमवर्गीय परिवार से है। लॉटरी के रुपये से क्या-क्या करना है, अभी उसने सोचा नहीं है। अभी तो वह लॉटरी निकलने की खुशी में डूबा हुआ है।
कालांवाली में भी दो लोग बन चुके हैं करोड़पति
गौरतलब है कि इससे पूर्व कालांवाली शहर में पंजाब स्टेट लॉटरी का पुरस्कार दो लोगों का निकल चुका है, जिन्हें एक-एक करोड़ रुपये निकले थे। इनमें से एक सब्जी विक्रेता था। वे दोनों आज अच्छा व्यवसाय कर रहे हैं।