सिरसा। इस मानसून सीजन में दो बार हुई बारिश ने नगर परिषद के बरसाती नालों की व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। शहर में हुए जलभराव पर उपायुक्त आरके सिंह को स्वयं फील्ड में उतरने पर मजबूर कर दिया था। इस दौरान कई कमियां नगर परिषद की कार्य प्रणाली में मिली। जिसके बाद अब नगर परिषद बरसाती नालों की सफाई करवाने में जुट गई है। बुधवार को नगर परिषद के कर्मचारी डबवाली रोड पर जेसीबी से बरसाती नालों की सफाई करवाते हुए नजर आए। इस रोड पर बारिश आने पर तालाब की स्थिति बन जाती है।
अधिकारियों के अनुसार डबवाली रोड पर सालों पहले बरसाती नाला बनाया गया था। सड़क के दोनों ओर नाला बनाया गया था। वक्त के साथ इस बरसाती नाले पर व्यापारी, चिकित्सक व अन्य लोग कब्जा करते गए। इन लोगों ने नाले पर रैंप बना दिए। जिसको बीएंडआर और नगर परिषद ने तोड़ने का प्रयास भी नहीं किया। जिसके कारण डबवाली रोड पर जलभराव हो जाता है। मौजूदा समय में सफाई के दौरान भी इन बरसाती नालों को जहां से कवर किया गया है। उन रैंप को तोड़ने की कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई जाएगी।
ये है स्थिति
1. लोगों ने नाले पर बना दिए हैं रैंप
2. रैंप के कारण तीन से चार जगहों पर नाला पूरी तरह से ब्लॉक।
3. पहले नगर परिषद के कर्मचारियों ने खुले नाले से निकाली थी गंदगी जो अब पुन: भर गई है।
4. बरसाती नाले पर स्लैब नहीं होने के कारण गंदगी से अटा रहता है।
ये हैं नगर परिषद के तर्क
. नाले पर रैंप को लेकर नगर परिषद के जेई प्रवीन शर्मा ने कहा कि ये बीएंडआर के समय से बने हुए हैं।
. नाले की स्लैब डालने का कार्य बीएंडआर का है। नगर परिषद केवल इसकी सफाई करवाएगा।
. लोगों के रैंप के कारण जलभराव होता है। लेकिन रैंप नगर परिषद नहीं तोड़ सकता है।
नालों से निकासी न होने को लेकर जिम्मेदार कौन
बरसाती नालों पर जब रैंप बनाए जा रहे थे तो उन्हें तोड़ने को लेकर कोई कदम नहीं उठाया गया। दोनों विभाग बस खानापूर्ति करते रहे और अब जलभराव होता है। वहीं रैंप बनाने वाले दुकानदार, व्यापारी, चिकित्सक आदि सभी जलभराव के लिए जिम्मेदार हैं। नालों को ब्लॉक करने के कारण ही उनके सामने पानी जमा होता है। जिसके कारण आमजन को परेशानी उठानी पड़ती है।
यहां करवाई जा रही है सफाई
. डबवाली रोड पर बरसाती नाला
. रंगोई नाले की सफाई
. बेगू रोड नाले की सफाई
. नालो की कुल लंबाई - सात किलोमीटर
सात किलोमीटर लंबे बेगू रोड, डबवाली रोड नाले की सफाई करवाई जा रही है। रंगोई नाले से जलकुंभी निकालने का कार्य विभाग कर रहा है। वहीं डैमेज लाइनों को दुरुस्त किया जा रहा है।
प्रवीण शर्मा, जेई, नगर परिषद