संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। गांव देसूमलकाना में उधार दिए रुपये वापस मांगने पर गुस्साए व्यक्ति ने हवा में फायरिंग कर दी। इसके अलावा पीड़ित पर हमला कर उसको घायल कर दिया। कालांवाली थाना पुलिस ने घायल का बयान दर्ज करके आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया है।
गांव देसू मलकाना निवासी गुरलाल सिंह ने बताया कि वह खेतीबाड़ी करता है। उसने गांव के गुरमेल सिंह को 19 हजार रुपये उधार दिए हुए थे। रविवार को जब उसने गुरमेल सिंह से रुपये वापस मांगे तो गुरमेल ने कहा कि वह शाम को दे देगा। रात 10 बजे गुरमेल सिंह उसके चाचा मक्खन सिंह के घर के बाहर आया। जब उसने गुरमेल से 19 हजार रुपये वापस मांगे तो वह आग बबूला हो गया और उसके नाक पर मुक्का मारा। इसके बाद गुरमेल सिंह अपने घर गया और बंदूक ले आया। उसने बंदूक से हवा में दो फायर किए। गुरलाल सिंह का कहना है कि उसने व उसके चाचा के लड़के बिंदर सिंह ने गुरमेल सिंह को पकड़ लिया और बंदूक व गोलियां से भरा पट्टा छीन लिया। पट्टे में 13 गोलियां थीं। इस दौरान गुरमेल सिंह किसी तरह छुड़वाकर कर भाग गया। वारदात के बाद घायल गुरलाल को घरवालों ने सरकारी अस्पताल पहुंचाया और घटना की सूचना पुलिस को दी। गुरलाल ने बंदूक व गोलियां पुलिस को सौंप दी। पुलिस का कहना है कि आरोपी गुरमेल सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।