अधिकारियों का दावा-जल्द शुरू होगा ओटू हेड पर प्रोजेक्ट
सेम का दंश लोगो
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। जिले के चोपटा क्षेत्र में सेम की समस्या दूर करने के लिए सिंचाई विभाग अपनी योजना बनाने में लगा है। योजना के तहत घग्गर के पास पंपिंग सिस्टम बनाने का काम चल रहा है। हालांकि, यह लंबे समय से चल रही योजना है।
किसानों की पुन: मांग उठाने के बाद इसमें बदलाव किया जा रहा है। वहीं, उपायुक्त शांतनु शर्मा के पूर्व में किए गए निरीक्षण के बाद भी विभाग उनके निर्देशों के अनुसार बदलाव करने जा रहा है। मानसून से पहले हर हाल में विभाग को इस कार्य को पूर्ण करना होगा अन्यथा किसानों को बड़े स्तर पर नुकसान उठाना पड़ सकता है। मौसम में बदलाव लगातार देखने को मिल रहा है। यदि समय पर प्री मानसून आता है तो मई के आखिरी सप्ताह से पहले पहले विभाग को ठोस कदम उठाने होंगे।
यह है प्रोजेक्ट
हिसार मल्टीपर्पज ड्रेन को लेकर ओटू हेड पर विशेष चैंबर सिस्टम बनाया जाना है। पहले सीधे तौर पर पंपिंग की व्यवस्था करने की योजना विभाग की थी। बाद में उसमें बदलाव किया गया और एक बड़ा टैंक बनाने पर सहमति हुई है। इस टैंक से ही स्थायी तौर पर पंपिंग सिस्टम लगाया जाएगा। इस पंपिंग सिस्टम से मानसून के समय में पानी को उठाकर पंप किया जा सकेगा और ड्रेन के टूटने की समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा।
बॉक्स
ऐलनाबाद और रानियां क्षेत्र में नहीं है समस्या
ऐलनाबाद के महज चोपटा क्षेत्र में ही सेम की समस्या बनी हुई है। इस क्षेत्र में जमीन रेतीली है। इस कारण हिसार घग्गर ड्रेन के बिगड़ते लेवल के कारण यह समस्या लगातार बढ़ रही है। हालांकि, ऐलनाबाद और रानियां क्षेत्र में इस प्रकार की कोई समस्या नहीं है। ग्रामीणों के अनुसार, ड्रेन का लेवल यदि सही होता तो ये हालात पैदा नहीं होते। घग्गर से बैकफ्लो ग्रामीणों के लिए बड़ी परेशानी बनता रहा है।
कोट्स
विशेष रूप से योजना तैयार की गई है। ओटू हेड पर योजना के तहत जल्द ही काम शुरू कर दिया जाएगा जिससे मानसून के समय किसानों को दिक्कत न हो।
-रघुबीर सिंह, एसडीओ, सिंचाई विभाग