सिरसा। रोड पर लाइन बनाकर प्रदर्शन करते हुए महिलाएं। मोहल्लेवासी
सिरसा। एक महीने से बूंद-बूंद को तरस रहे लोगों के सब्र का बांध बुधवार को टूट गया। दशमेश नगर में पेयजल किल्लत के विरोध में स्थानीय निवासियों ने कंगनपुर रोड पर एक घंटे तक जाम लगाकर प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। महिलाओं ने नेतृत्व संभालते हुए नारेबाजी की और पानी संकट का स्थायी समाधान न होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी दी।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि क्षेत्र में पिछले 15 दिनों से एक बूंद पानी नहीं आ रहा। पहले आधी रात को थोड़ी देर के लिए पानी आता था, अब वह भी पूरी तरह बंद हो गया है। कई परिवार दूसरे मोहल्लों से पानी लाने या टैंकर मंगवाने को मजबूर हैं। गली नंबर 8 के निवासी दौलतराम, रामपाल, रमेश कुमार, अनिल कुमार, दयाल चंद, हरीश महेता, सीमा रानी, सिमरन रानी, रेनू और मीना रानी ने बताया कि विभाग की ओर से भेजे गए दो टैंकर 100 घरों के लिए बिल्कुल नाकाफी हैं। स्थानीय ट्यूबवेल लंबे समय से खराब है। बोरिंग मशीन मंगाकर 40-50 फीट खुदाई के बावजूद पानी नहीं मिला। विभागीय अधिकारी पुराने ट्यूबवेल को ही ठीक करने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि लोगों की मांग है कि नया ट्यूबवेल लगाया जाए।
सीवरेज जाम और सड़कें बदहाल
स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र में सीवरेज की सफाई न होने के कारण गंदगी फैली हुई है। बरसात के समय जलभराव की स्थिति बन जाती है, जिससे टैंकर गलियों में नहीं पहुंच पाते। कुछ दिन पहले एक टैंकर पलट गया था, जिससे सप्लाई में और दिक्कतें बढ़ गईं। खराब रास्तों और मच्छरों के प्रकोप से बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट कहा कि यदि एक सप्ताह में पेयजल आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो वे जन स्वास्थ्य विभाग कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन करेंगे।
-
केवी-2 के पास लगा ट्यूबवेल खराब है, जिससे सप्लाई बाधित है। एक अन्य मिस्त्री से दोबारा जांच कराई जाएगी। यदि मरम्मत संभव नहीं हुई, तो नया ट्यूबवेल लगाने के लिए एक्सईएन को रिपोर्ट भेजी जाएगी। फिलहाल बूस्टिंग स्टेशन और अन्य ट्यूबवेल से पानी पहुंचाने की अस्थायी व्यवस्था की गई है।
- हेमंत कुमार, जूनियर इंजीनियर, जन स्वास्थ्य विभाग सिरसा।