खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निरीक्षक ने किया ढाबों का निरीक्षण
फोटो- 21
संवाद न्यूज एजेंसी
कालांवाली । रसोई गैस की कालाबाजारी को लेकर खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के निरीक्षक महेश कुमार ने शनिवार को अपनी टीम के साथ शहर में विशेष अभियान चलाकर ढाबों व टी-स्टालों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान महेश कुमार ने दुकानदारों को सख्त चेतावनी दी कि व्यावसायिक उपयोग के लिए घरेलू रसोई गैस सिलिंडर का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। निरीक्षक महेश कुमार ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि किसी भी व्यापारिक प्रतिष्ठान में रसोई गैस सिलेंडर का दुरुपयोग करते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।
महेश कुमार ने कहा कि आम उपभोक्ताओं के लिए निर्धारित रसोई गैस का गलत इस्तेमाल न केवल नियमों का उल्लंघन है बल्कि इससे आम लोगों को गैस की किल्लत का सामना भी करना पड़ सकता है। विभाग की टीम भविष्य भी इस तरह के निरीक्षण अभियान जारी रखेगी ताकि कालाबाजारी पर पूरी तरह से अंकुश लगाया जा सके।