30 सितंबर तक दर्ज होंगे दावे-आपत्तियां, 6 नवंबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची
संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। रानियां विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र-44 में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण का संशोधित कार्यक्रम जारी हुआ है। सहायक निर्वाचक पंजीयन अधिकारी एवं तहसीलदार रानियां शुभम शर्मा की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। इसमें पुनरीक्षण प्रक्रिया की संशोधित समयसारिणी पर चर्चा की गई।
तहसीलदार शुभम शर्मा ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण के लिए अर्हता तिथि 1 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार मतदाता सूची को लेकर दावे और आपत्तियां 30 सितंबर 2026 तक दर्ज करवाई जा सकेंगी।
दावों और आपत्तियों के निपटारे की प्रक्रिया 28 अक्तूबर तक चलेगी। इसके बाद 6 नवंबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। उन्होंने राजनीतिक दलों से निर्वाचन आयोग के सुपरवाइजरों और बूथ स्तर अधिकारियों को पूर्ण सहयोग देने की अपील की।
बीएलए-2 और बीएलओ के बीच बैठकें आयोजित करवाने का अनुरोध भी किया गया। यह कार्य निर्धारित अवधि में पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से पूरा किया जा सके।
जानकारी और सहयोग
तहसीलदार ने बताया कि मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण से संबंधित जानकारी के लिए ईआरओ-44 रानियां विधानसभा कार्यालय के सहायता पटल नंबर 01666-297467 पर संपर्क कर सकते हैं। सहायता पटल की सेवाएं सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक उपलब्ध रहेंगी। उन्होंने राजनीतिक दलों से बूथ स्तर पर आमजन को एसआईआर प्रक्रिया के बारे में जागरूक करने को कहा। मतदाताओं की भ्रांतियां दूर करने में सहयोग देने का आह्वान भी किया गया। बैठक में मौजूद राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने पुनरीक्षण प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।